लखनऊ आउटर रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड पर ग्राम रैथा के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रही एक डीसीएम एक डम्पर में जा घुसी, जिससे डीसीएम सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि डीसीएम का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तत्काल स्थानीय पुलिस व डायल 112 को सूचित किया।

सूचना पाकर स्थानीय थाने की पुलिस फोर्स और दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने जेसीबी और हाइड्रा की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और डीसीएम के केबिन में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला। खून से लथपथ गंभीर हालत में दोनों युवकों को इलाज के लिए बीकेटी स्थित सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि इस सड़क हादसे के कारण मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कर स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को सुचारू रूप से शुरू कराया गया।

मृतकों की पहचान गौतमबुद्ध नगर के जारचा करौदा निवासी लियाकत के 32 वर्षीय बेटे नाजिम और जुल्फिकार के 34 वर्षीय बेटे वसीम के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर माल थाना ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस टीम इस प्रकरण में दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Also Read: Lucknow: ऑपरेशन सिंदूर की जीत पर उमड़ा व्यापारियों का उत्साह, सेना के शौर्य को किया नमन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.