यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बस और ईको वैन की टक्कर में 6 की मौत, 10 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव गढ़ी हरिया के पास एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

ये हादसा आज तड़के करीब 4:00 बजे सादाबाद क्षेत्र के गढ़ी हरिया (यमुना एक्सप्रेसवे) के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने पीछे से ईको कार को टक्कर मारी। ईको कार में सवार सभी 13 यात्री दिल्ली से राजाखेड़ा (धौलपुर, राजस्थान) की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।

हताहतों का विवरण

हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों की पहचान हो गई है, जिनमें से अधिकांश राजस्थान और आगरा के निवासी हैं।

विजय (30 वर्ष) – शमशाबाद, आगरा।

पिंकी (38 वर्ष) – पत्नी विजय, शमशाबाद, आगरा।

नाथू देवी (65 वर्ष) – शमशाबाद, आगरा।

दिनेश (55 वर्ष) – राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान)।

सुनीता (51 वर्ष) – पत्नी दिनेश, राजाखेड़ा, धौलपुर।

लोकेश (35 वर्ष) – राजाखेड़ा, धौलपुर।

घायलों की स्थिति: हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में मनोज, रानी, वीरेंद्र, पूनम, आर्यन (10), अंशु (7), प्राची (3), आयुष (2), आयुष (13) और जयदीप (4) शामिल हैं। सभी को खंदौली और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रशासनिक कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है कि हादसा चालक की लापरवाही या नींद आने की वजह से हुआ।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.