जोरदार धमाके में ढहा घर, एक की मौत, विस्फोटक बनाने का संदेह

Sandesh Wahak Digital Desk: केरल के कन्नूर जिले में शनिवार तड़के एक जोरदार धमाके से सनसनी फैल गई। कन्नपुरम पंचायत के कीझारा में सुबह करीब 1:50 बजे हुए इस विस्फोट में एक किराए का मकान पूरी तरह से ढह गया और एक व्यक्ति की मौत हो गई। मरने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धमाके से 500 मीटर के दायरे में स्थित घर भी हिल गए। पंचायत सदस्य वीवी पुष्पावल्ली ने बताया कि मेरा घर विस्फोट स्थल से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर है, वह बुरी तरह हिल गया। जब हम घर से बाहर निकले, तो चारों ओर धुंध थी और थोड़ी देर बाद बारूद की तेज गंध आने लगी।

अवैध रूप से विस्फोटक बनाने का संदेह

पुलिस को संदेह है कि इस मकान में अवैध तरीके से विस्फोटक बनाए जा रहे थे। कन्नपुरम थाने के अधिकारियों ने बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि न केवल वह मकान पूरी तरह ढह गया, बल्कि आसपास के चार और घरों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा।

बताया जा रहा है कि इस मकान में दो लोग किराए पर रह रहे थे, जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पड़ोसियों ने बताया कि वे दोनों ज्यादा किसी से मिलते-जुलते नहीं थे और सिर्फ रात में ही घर आते थे। पुलिस को शक है कि यह विस्फोट देसी बम या पटाखे बनाते समय हुआ होगा। पुलिस ने घटनास्थल पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया है ताकि बची हुई विस्फोटक सामग्री को हटाया जा सके। इसके बाद ही पूरी तरह से तलाशी ली जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Also Read: Jaunpur News: साहिल हत्याकांड में न्याय की गुहार, अब तक नहीं मिला इंसाफ, सीएम दरबार पहुंची विधवा मां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.