फेंटेसी किंग अनुराग द्विवेदी कैसे बना ED का शिकार, करोड़ों की लैंबोर्गिनी जब्त, सट्टेबाजी और हवाला के आरोप

Lucknow News: एक साधारण ग्रामीण लड़का, जिसके पास कभी क्रिकेट सट्टे में हारने के बाद पिता की डांट सुनने के अलावा कुछ नहीं था, अचानक दुबई की लग्जरी लाइफ और करोड़ों की सुपरकारों का मालिक कैसे बन गया? यह कहानी है मशहूर यूट्यूबर और फेंटेसी एक्सपर्ट अनुराग द्विवेदी की, जिनके आलीशान साम्राज्य पर अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कस गया है।

ED की छापेमारी, 5 करोड़ की लैंबोर्गिनी समेत 5 लग्जरी कारें जब्त

कोलकाता ED की टीम ने लखनऊ पुलिस के साथ मिलकर अनुराग के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान उनके गैरेज से लैंबोर्गिनी, मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू जैसी 5 गाड़ियां जब्त की गई हैं। आरोप है कि यह संपत्ति अवैध कमाई और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए खड़ी की गई है।

कमाई के तीन बड़े जरिए

अनुराग द्विवेदी की फर्श से अर्श तक की कहानी 2017-18 में शुरू हुई। उनके ‘अमीर’ बनने के पीछे ये मुख्य रास्ते थे।

यूट्यूब और टेलीग्राम: अनुराग क्रिकेट मैचों की ‘प्रेडिक्शन’ (भविष्यवाणी) करते थे। लाखों लोग उनके बताए खिलाड़ियों पर पैसा लगाते थे।

रेफरल कमीशन: फेंटेसी ऐप्स के लिंक शेयर कर वह मोटा कमीशन कमाते थे। जितने ज्यादा लोग उनके लिंक से ऐप डाउनलोड करते, कंपनियों से उन्हें उतनी ही मोटी रकम मिलती।

पेड प्राइम ग्रुप्स: टेलीग्राम पर गारंटीड जीत का झांसा देकर वह लोगों से मोटी सब्सक्रिप्शन फीस वसूलते थे।

Anurag Dwivedi ED Raid Lucknow

एक साल में तीन बड़े विवाद

अनुराग पिछले एक साल में तीन बार सुर्खियों में आए, और हर बार विवाद गहराता गया।

लॉरेंस बिश्नोई की धमकी: दिसंबर 2024 में दावा किया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रोहित गोदारा ने उनसे 1 करोड़ की रंगदारी मांगी है। उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाई लेकिन बाद में पोस्ट हटा ली, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।

दुबई की शाही शादी: नवंबर 2025 में अनुराग ने दुबई में क्रूज पर करोड़ों खर्च कर शादी की। 100 से ज्यादा रिश्तेदारों को चार्टर्ड प्लेन से ले जाने और बेहिसाब खर्च ने ED की नजरें उनकी ओर मोड़ दीं।

अब ED का शिकंजा: आज वह हवाला और अवैध सट्टेबाजी के आरोपों में घिरे हैं।

ED को क्या है शक

जांच एजेंसी का मानना है कि फेंटेसी क्रिकेट तो महज एक मुखौटा है। असली खेल पर्दे के पीछे चल रहा था।

मनी लॉन्ड्रिंग: शक है कि ब्लैक मनी को व्हाइट करने के लिए फेंटेसी गेमिंग का सहारा लिया गया।

हवाला कनेक्शन: जांच हो रही है कि क्या अवैध रूप से पैसा दुबई भेजा गया और वहां संपत्तियां खरीदी गईं।

सट्टेबाजी रैकेट: क्या अनुराग किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सट्टेबाजी सिंडिकेट का हिस्सा हैं?

गेमिंग स्किल या अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट

अनुराग खुद को फेंटेसी एक्सपर्ट बताते हैं, लेकिन ED का दावा है कि उनके तार फर्जी बैंक खातों और हवाला ऑपरेटरों से जुड़े हैं। फिलहाल, उनकी करोड़ों की गाड़ियां पुलिस के कब्जे में हैं और दुबई में खरीदी गई अचल संपत्तियों के कागजात खंगाले जा रहे हैं।

Also Read: भारती सिंह के घर फिर गूंजी किलकारी, लाफ्टर क्वीन ने दिया दूसरे बेटे को जन्म

Get real time updates directly on you device, subscribe now.