खूबसूरत दिखने वाली लीची आपकी सेहत के लिए कितनी है सेफ? यहां जानिए एक्सपर्ट्स की राय
Sandesh Wahak Digital Desk: गर्मियों के मौसम में मीठे और रसीले फलों में लीची का नाम सबसे ऊपर आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा लीची खाना आपके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है? जी हां, जितना स्वादिष्ट ये फल है, उतना ही ज्यादा इसके सेवन में सावधानी बरतना भी जरूरी है।
लीची खाने से पहले जान लें एक्सपर्ट की राय

विशेषज्ञों की मानें तो लीची में नेचुरल शुगर की मात्रा अधिक होती है, और ज्यादा मात्रा में इसका सेवन करने से पेट से जुड़ी समस्याएं, ब्लड प्रेशर असंतुलन और यहां तक कि हाइपोग्लाइसीमिया तक हो सकता है। लीची का अत्यधिक सेवन गट हेल्थ को प्रभावित कर सकता है, जिससे पेट दर्द, डायरिया या फिर सूजन की शिकायत हो सकती है। खासकर जिन लोगों को लीची से एलर्जी है, उन्हें इससे दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
ब्लड शुगर लेवल में आ सकती है गिरावट

सिर्फ इतना ही नहीं, लीची को खाली पेट खाना भी सेहत के लिए सही नहीं माना जाता। खाली पेट लीची खाने से ब्लड शुगर लेवल में गिरावट आ सकती है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी या बेहोशी जैसी स्थिति बन सकती है।
गर्भवती महिलाओं को संभल कर करना चाहिए सेवन

गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को लीची खाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए, क्योंकि उनके शरीर में हार्मोनल बदलाव के चलते किसी भी फल का असर अलग हो सकता है।
मोटापे और गले में खराश की हो सकती है परेशानी

इसके अलावा ज्यादा लीची खाने से मोटापे और गले में खराश की परेशानी भी हो सकती है। इसलिए, लीची का सेवन करें लेकिन संतुलन के साथ। बता दे, लीची एक स्वादिष्ट और पौष्टिक फल है, लेकिन इसकी मात्रा को लेकर लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। हमेशा ध्यान रखें कि कोई भी फल तभी फायदेमंद होता है जब उसे संतुलित मात्रा में खाया जाए।
Also Read: विटामिन D की कमी से बढ़ सकता है दिल, हड्डी और मानसिक बीमारियों का खतरा – जानें बचाव के आसान उपाय

