हरदोई के चाइल्ड हॉस्पिटल में भीषण आग, मरीजों और बच्चों को सीढ़ी लगाकर बचाया गया
Sandesh Wahak Digital Desk: हरदोई जिले में बुधवार को कीर्ति कृष्णा चाइल्ड हॉस्पिटल में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अस्पताल स्टाफ ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया, वहीं स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल के अंदर फंसे मरीजों और उनके तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
धुएं से मचा अफरा-तफरी, दूसरी मंजिल से किया गया रेस्क्यू
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के नघेटा रोड पर स्थित कीर्ति कृष्णा चाइल्ड हॉस्पिटल में हुई। बुधवार को जब अस्पताल में चारों तरफ धुआं फैलने लगा, तो वहां मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अस्पताल की दूसरी मंजिल पर फंसे मरीजों और तीमारदारों को सीढ़ी लगाकर सुरक्षित नीचे उतारा। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। अच्छी बात यह रही कि फायर टीम ने तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
चूंकि यह एक बच्चों का अस्पताल था, इसलिए बचाव कार्य में विशेष सावधानी बरती गई। बच्चों और उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकालना प्राथमिकता थी। हुसैनपुर सहोरा की रहने वाली नन्हीं देवी ने बताया कि वह उसी दिन दोपहर डेढ़ बजे अपने एक महीने के बच्चे को लेकर अस्पताल आई थीं। जैसे ही उन्हें आग लगने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत बच्चे को गोद में लिया और फर्स्ट फ्लोर से नीचे लगी सीढ़ी के जरिए बाहर निकलीं।
अस्पताल संचालक डॉ. सीके गुप्ता की पत्नी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि वे अपने ऑफिस में काम कर रही थीं तभी अचानक पूरे परिसर में धुआं भर गया। उन्हें सूचना मिली कि आग बेसमेंट में लगी है। उन्होंने भी संभावना जताई कि आग शायद बैटरी ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है और अभी भी अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई मरीज फंसा तो नहीं है।
कोई जनहानि नहीं, जांच जारी
मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों के हॉस्पिटल में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम तुरंत पहुंची और आग पर काबू पा लिया। उन्होंने भी बताया कि आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सबसे राहत की बात यह है कि किसी प्रकार की कोई जनहानि की सूचना नहीं है। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
Also Read: लखनऊ यूनिवर्सिटी रोड पर बाइकर्स गैंग की स्टंटबाजी पर पुलिस ने कसी लगाम, 10 युवकों की हुई पहचान

