लखनऊ: सरसों के खेत में मिला मानव कंकाल, 20 दिन से लापता महिला के परिजनों ने ऐसे की पहचान
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के कुबहरा गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहर सरसों के खेत में एक कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं एक परिवार ने दावा किया है कि यह कंकाल उनकी लापता बेटी का है।
खेत में काम के दौरान मिला कंकाल
मिली जानकारी के मुताबिक, कुबहरा गांव के बाहर सरसों के खेत में लोगों ने एक कंकाल देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही नगराम पुलिस और एसीपी मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर दिया। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम और जांच के लिए भेज दिया है।
20 दिन से लापता थी पूनम
बताया जा रहा है कि कुबहरा गांव के रहने वाले मजदूर पीताम्बर की 30 वर्षीय पत्नी पूनम बीते 12 नवंबर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। पूनम के मायके वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन सुराग न मिलने पर नगराम थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
साड़ी से हुई पहचान, परिजनों ने किया हंगामा
कंकाल मिलने की खबर मिलते ही निगोंहा के रमपुरा गांव से पूनम के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। कंकाल के पास पड़ी साड़ी और अन्य कपड़ों को देखकर परिजनों ने चीख-पुकार शुरू कर दी। उन्होंने दावा किया कि यह साड़ी पूनम की ही है और उसकी हत्या कर शव को यहां छिपाया गया था। इस दौरान गुस्साए परिजनों ने मौके पर हंगामा भी किया, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
नगराम पुलिस का कहना है कि कपड़ों के आधार पर पहचान के दावे को पुख्ता करने के लिए DNA टेस्ट या अन्य कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लिया जा सकता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और शव छिपाने के पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

