लखनऊ में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नाबालिग बरामद, दो गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां किशोरियों और युवतियों को बहला-फुसलाकर शादी और अनैतिक व्यापार के लिए बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक, संतोष साहू उर्फ डब्लू, पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।

आपको बता दें कि मामला 30 जून 2025 को तब सामने आया, जब कृष्णानगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 16 वर्षीय लड़की अचानक लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने 6 टीमों का गठन किया और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि संतोष साहू नामक व्यक्ति ने लड़की को चारबाग स्टेशन से बहला-फुसलाकर पहले कानपुर और फिर मध्य प्रदेश के सहडोल ले जाकर 50 हजार रुपये में मनीष भंडारी नाम के व्यक्ति को बेचने की कोशिश की। हालांकि लड़की ने जबरदस्ती का विरोध किया तो आरोपी ने उसे वापस भेज दिया।

एक और किशोरी भी मिली, मानव तस्करी की आशंका

गिरफ्तारी के वक्त एक और 15 वर्षीय किशोरी, जो रायबरेली की रहने वाली है, पुलिस को साथ में मिली। उसने बताया कि उसे शादी कराने के बहाने लाया गया था। पुलिस अब उसके परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

10 जुलाई को अवध चौराहे से संतोष साहू और कृष्णानगर थाना परिसर से मनीष भंडारी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर अकेली लड़कियों को टारगेट करते थे, और फिर शादी या काम दिलाने का झांसा देकर उन्हें दूसरे राज्यों में ले जाकर बेचते थे।

कई राज्यों में फैला नेटवर्क, कई केस पहले से दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संतोष साहू पर पहले से ही 6 संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, मानव तस्करी, रेप और POCSO एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं। वहीं मनीष भंडारी पर भी दो आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। पुलिस की मानें तो संतोष साहू लगातार सिम कार्ड और ठिकाने बदलता रहता था, ताकि पकड़ में न आ सके। जांच में यह भी सामने आया है कि 2012 से अब तक वह कई लड़कियों को इसी तरीके से बेच चुका है।

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

इस ऑपरेशन में कृष्णानगर थाना और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने मिलकर अहम भूमिका निभाई। पुलिस आयुक्त ने इस टीम को ₹25,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

Also Read: UP News: 49 हजार करोड़ के घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, PACL मामले में EOW की बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.