सिद्धार्थनगर जेल में मानवता की पहल, 300 बंदियों को गर्म स्वेटर वितरित, महिला बैरक में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: दिसंबर की कड़ाके की ठंड के बीच, सिद्धार्थनगर जिला कारागार में बंदियों के कल्याण और पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मानवीय पहल की गई। जेल अधीक्षक सचिन वर्मा के सहयोग से सामाजिक संस्था मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट ने 300 जरूरतमंद एवं पात्र बंदियों में गर्म स्वेटर वितरित किए।

मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास

ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अफ़रोज़ खान और कोषाध्यक्ष तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रुखसाना खान ने जेल अधीक्षक सचिन वर्मा के साथ मिलकर यह वितरण कार्यक्रम संपन्न कराया। डॉ. अफ़रोज़ खान ने इस अवसर पर कहा कि मानव वही है जो किसी भी मानव के काम आ जाए। उन्होंने इस कार्यक्रम को बंदियों के जीवन को मुख्य धारा से जोड़ने की एक अहम कड़ी बताया। कुल 300 स्वेटर वितरित किए गए, जिनमें 60 महिला बंदी और 240 पुरुष बंदी शामिल थे, ताकि वे ठंड का सामना कर सकें।

जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम को देखते हुए यह कार्यक्रम बंदियों को राहत प्रदान करने और उनकी देखभाल के लिए आवश्यक इंतजाम करने का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि स्वेटर वितरण के दौरान बंदियों के बीच सहयोग, संवेदना एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

महिला बंदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य सत्र

कार्यक्रम की एक विशेष कड़ी के रूप में, मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष डॉ. रुखसाना खान (मैक्स हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर, इटवा) द्वारा महिला बैरक में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।

इस सत्र में महिला बंदियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, सामान्य स्वास्थ्य से जुड़े रोग, और रोगों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का दोहरा उद्देश्य ठंड से राहत पहुँचाना और विशेष रूप से महिला बंदियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।

कारागार प्रशासन द्वारा ऐसे सामाजिक और स्वास्थ्यपरक कार्यक्रमों को सहयोग प्रदान करना, बंदियों के सुधार और सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, अजीत चंद, महेश सिंह, प्रभारी अभिषेक पाण्डेय सहित अन्य कर्मचारी गण भी मौजूद रहे। ट्रस्ट ने भविष्य में भी समाजहित में सेवा और सहयोग के कार्य निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: ‘पहले सपा के सांसद-विधायक इस्तीफा दें’, अखिलेश यादव की इस मांग पर ओपी राजभर ने किया पलटवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.