हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में रखी बाबरी मस्जिद की नींव, उमड़ी 2 लाख से अधिक लोगों की भीड़
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने शनिवार को मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनने वाली एक मस्जिद के निर्माण की नींव रखी।
भारी भीड़ और सुरक्षा के बीच शिलान्यास
अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने की 33वीं बरसी (6 दिसंबर) पर आयोजित इस शिलान्यास कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। विधायक हुमायूं कबीर मौलवियों के साथ मंच पर पहुँचे और रिबन काटकर औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान मंच और मैदान में मौजूद लोगों ने नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर के नारे लगाए।
आयोजकों का दावा है कि बंगाल के अलग-अलग हिस्सों से इस कार्यक्रम में 2 लाख से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने अनोखे अंदाज़ में योगदान दिया, कई लोग अपने सिर पर ईंटें रखकर पहुँचे, जबकि निर्माण सामग्री ट्रॉली, रिक्शा, वैन और ट्रैक्टरों में भरकर लाई गई।
किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए बेलडांगा और आसपास के इलाकों में सुबह से ही कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त रहा। 19 कंपनियां सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) की तैनात की गई थीं। रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), बीएसएफ (BSF) और स्थानीय पुलिस को संयुक्त रूप से लगाया गया था। कुल मिलाकर 3 हजार से अधिक जवानों को मौके पर तैनात किया गया था।
Also Read: मिशन रोजगार: यूपी में सहायक अध्यापक के 7,466 पदों पर भर्ती परीक्षा दिसंबर-जनवरी में होगी आयोजित

