संजय सेतु निर्माण की मांग तेज, संजीव सिंह राठौर ने साथियों संग किया प्रदर्शन
घाघरा घाट (देवीपाटन मंडल): घाघरा नदी पर स्थित जर्जर संजय सेतु के निर्माण की मांग को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता संजीव सिंह राठौर ने अपने साथियों के साथ नदी किनारे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लिए हुए थे, जिन पर लिखा था
“तुम्हारी फाइलों में गांव का मौसम गुलाबी है,
मगर ये आंखें झूठी हैं, ये दावा किताबी है।”
इस संदेश के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि कागजों में विकास के दावे भले ही बड़े हों, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।
वर्षों से प्रस्तावित संजय सेतु (घाघरा पुल) का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। पुल की जर्जर स्थिति स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुल की खराब हालत के कारण आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी मनोज यादव ने कहा कि पुल से गुजरते समय लोग भयभीत रहते हैं और सुरक्षित पार होने के लिए ईश्वर को याद करते हैं। जाम और दुर्घटनाओं की आशंका ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने शासन से मांग की कि संजय सेतु के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान अमर सिंह तरुण, मनोज यादव, रुपेश गुप्ता, जितेंद्र सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Also Read: अजय राय की ‘अपमानजनक’ तस्वीर पर बवाल: लखनऊ के हुसैनगंज थाने में कांग्रेसियों का प्रदर्शन

