Balrampur News: संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी की मौत, पुलिस ने आत्महत्या की जताई आशंका
Balrampur News: जिले के थाना गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र अंतर्गत पीरग्यास गांव से एक अत्यंत दुखद और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहाँ एक मकान के बंद कमरे में 28 वर्षीय मनोज कुमार और उनकी 26 वर्षीय पत्नी मंजू संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में पाए गए। परिजन तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उतरौला ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक दंपति अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि मनोज बाहर रहकर नौकरी करता था और बीते जुलाई माह में ही घर लौटा था।
घटनाक्रम के अनुसार, दोनों अपने कमरे में मौजूद थे और कुंडी अंदर से बंद थी। काफी देर तक कोई हलचल न होने और बार-बार आवाज देने पर भी अंदर से कोई जवाब न मिलने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा। अंदर बिस्तर पर दोनों बेसुध पड़े थे। अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद परिजन शवों को घर ले आए।
एसपी समेत फॉरेंसिक टीम ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी तथा स्थानीय पुलिस टीम फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और परिजन भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण (सर्विलांस) के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: क्रिकेट के बाद टीवी पर रोहित शर्मा का नया अवतार, ‘फैमिली फुल हाउस’ से करेंगे एंटरटेनमेंट डेब्यू

