Bareilly News: पारिवारिक कलह में पति ने जहर खाकर दी जान, पत्नी और साली गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना कैंट क्षेत्र में एक युवक द्वारा प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाने और आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज मामले से जुड़े दो मुख्य आरोपियों मृतक की पत्नी और साली को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मृतक के पिता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है। दोनों आरोपियों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

सुभाषनगर क्षेत्र के बालाजी नगर निवासी सत्यपाल गोस्वामी ने थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे कुलदीप गोस्वामी को उसकी ससुराल (मोहल्ला आजाद नगर) में समझौते के बहाने बुलाया गया था। वहां ससुराल वालों ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और मारपीट की। इस प्रताड़ना और झूठे आरोपों से तंग आकर कुलदीप ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत पत्नी गुंजा कुमारी, साले अमित कुमार, साली रीना और साढू सतीश के खिलाफ केस दर्ज किया था।

कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजीव पटेल और महिला पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने रविवार सुबह करीब 7:18 बजे आजाद मोहल्ला क्षेत्र में दबिश देकर दो अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिलाओं में मृतक की पत्नी गुंजा कुमारी (35 वर्ष) और साली रीना (38 वर्ष) शामिल हैं।

पूछताछ में पत्नी का खुलासा, छिपाई थी तीन शादियों की हकीकत

गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी गुंजा ने एक चौंकाने वाली कहानी बयां की। गुंजा ने बताया कि वह और कुलदीप पिछले दो साल से एक-दूसरे को जानते थे, जिसके बाद अप्रैल 2026 में दोनों की शादी हुई थी। लेकिन शादी के बाद उसे पता चला कि कुलदीप पहले से ही तीन शादियां कर चुका था और उसका 13 साल का एक बेटा भी है। इस धोखे के बाद दोनों के रिश्तों में दरार आ गई और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर वह अपने मायके रहने आ गई थी।

गुंजा के मुताबिक, 3 जुलाई को कुलदीप उसे विदा कराने मायके आया था। ससुराल वालों ने जब डर के मारे दरवाजा नहीं खोला, तो कुलदीप ने घर के सामने ही जहर खा लिया। आरोपियों का दावा है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि कुलदीप ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश और घटना की विस्तृत जांच में जुटी है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: GDN Trailer: ‘भारत के एडिसन’ जी.डी. नायडू बने आर. माधवन, अंग्रेजों से लेंगे सीधी टक्कर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.