कैसरगंज में लकड़बग्घे का हमला, गन्ने के खेत में बच्चे को घसीटा, ग्रामीणों ने एक किलोमीटर दौड़कर बचाया

Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच के कैसरगंज तहसील में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मंझारा तौकली गांव में एक लकड़बग्घे ने 4 साल के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। ग्रामीणों की सतर्कता और बहादुरी से बच्चे की जान बच गई।

कैसे हुआ हमला?

मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे प्रिंस नाम का 4 साल का बच्चा अपनी मां के साथ घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक एक लकड़बग्घे ने उस पर हमला किया और उसे उठाकर पास के गन्ने के खेत में घसीटने लगा। बच्चे की चीख सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण तुरंत इकट्ठा हो गए और लाठी-डंडों के साथ जानवर का पीछा करने लगे। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद लकड़बग्घे ने बच्चे को छोड़ दिया और घनी झाड़ियों में गायब हो गया।

वन विभाग और पुलिस नहीं पहुंची

हमले में घायल प्रिंस को तुरंत पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद बच्चे को जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद न तो वन विभाग की टीम पहुंची और न ही पुलिस की तरफ से कोई मदद मिली। उन्होंने बताया कि इस इलाके में जंगली जानवरों का खतरा लगातार बना रहता है, जिसके कारण गांव के लोग रात-दिन जागकर पहरेदारी करते हैं। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

Also Read: Mission Shakti 5.0: बरेली में 9वीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी बनीं एक दिन की थाना इंचार्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.