‘मैं केजरीवाल का चेला हूं, जेल से नहीं डरता’, सौरभ भारद्वाज के घर 19 घंटे की ईडी रेड
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के चिराग दिल्ली स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की करीब 19 घंटे लंबी छापेमारी बुधवार सुबह खत्म हो गई। जांच एजेंसी की टीम बिना किसी गिरफ्तारी के उनके आवास से बाहर निकली।
ईडी की कार्रवाई के बाद AAP कार्यकर्ताओं ने सौरभ भारद्वाज का जोशीले अंदाज़ में स्वागत किया और उन्हें कंधों पर उठाकर जमकर नारेबाजी की। माहौल में स्पष्ट राजनीतिक गर्मी देखी गई।
छापेमारी के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार और ईडी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा चोरों के यहां भी छापे मारोगे, ईमानदारों के यहां भी छापे मारोगे, तो फिर ईमानदार कौन बचेगा? तुम देश में ईमानदारी खत्म करना चाहते हो।
उन्होंने यह भी दावा किया कि ईडी से दिनभर पूछताछ चली और उन्होंने खुद ईडी से कहा अगर अरेस्ट करना है तो कर लो, मैं दो साल की जेल के लिए मानसिक रूप से तैयार हूं। मैं तुम्हारे कहने पर काम नहीं करूंगा। मैं अरविंद केजरीवाल का सच्चा शिष्य हूं।
ईडी को मिले सिर्फ दो दस्तावेज: सौरभ भारद्वाज का दावा
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ईडी को उनके घर से सिर्फ दो एफिडेविट मिले एक, जो उन्होंने 2025 के चुनाव में दिया था, और दूसरा जो दिल्ली हाईकोर्ट में हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से दायर किया गया था।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वे जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जहां वे छापेमारी से जुड़े तथ्यों और ईडी की पूछताछ को लेकर चौंकाने वाले खुलासे करेंगे। भारद्वाज ने कहा कि हो सकता है कि मेरे खुलासों के बाद ईडी फिर मेरे घर आ जाए या मुझे गिरफ्तार कर ले। उन्होंने कहा लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं।
AAP का आरोप: यह कार्रवाई बीजेपी के इशारे पर
ईडी की छापेमारी के बाद AAP नेताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री और नेता विपक्ष आतिशी ने कहा कि ये छापेमारी सिर्फ जनता का ध्यान भटकाने के लिए है। बीजेपी जानती है कि AAP कभी झुकती नहीं, इसलिए डरती है।
विधायक अमानतुल्ला खान ने कहा जब सौरभ भारद्वाज ने वह नहीं कहा जो ईडी सुनना चाहती थी, तब जाकर टीम वापस लौट गई विधायक संजीव झा ने बताया कि भारद्वाज जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और पूरे घटनाक्रम पर सफाई देंगे। विधायक कुलदीप कुमार ने कहा ईडी को कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। सौरभ भारद्वाज जैसे नेता ईमानदार और राष्ट्रभक्त हैं। हम जनता की सेवा करते रहेंगे।
Also Read: भारत पर आज से लागू होगा अमेरिका का 50 प्रतिशत टैरिफ, ट्रंप के फैसले से व्यापारिक…

