‘मैं राजनीतिक नहीं, संवैधानिक पद का उम्मीदवार’, बी. सुदर्शन रेड्डी ने लखनऊ में मांगा समर्थन
Sandesh Wahak Digital Desk: उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष यानी इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि वे किसी राजनीतिक पद के लिए नहीं, बल्कि एक संवैधानिक पद के लिए उम्मीदवार हैं, और इसीलिए वे हर न्यायप्रिय सदस्य से समर्थन की उम्मीद करते हैं।
एयरपोर्ट पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधायक आराधना मिश्रा मोना ने उनका स्वागत किया। वहां से वे सीधे कांग्रेस मुख्यालय गए, और फिर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय पहुंचे, जहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनका भव्य स्वागत किया।

‘न्यायपालिका को मंथन की ज़रूरत’
प्रेसवार्ता में बी. सुदर्शन रेड्डी ने न्यायपालिका पर उठते सवालों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा अगर न्यायपालिका पर सवाल उठने लगे, तो मेरा मानना है कि न्यायपालिका को गहन मंथन की ज़रूरत है। उन्होंने बताया कि वे राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि एक संवैधानिक पद पर काम कर चुके हैं। इसलिए वे इस चुनाव को राजनीति के अखाड़े के बजाय संविधान के अखाड़े की लड़ाई मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही वे जीतें या हारें, यह चुनाव सिद्धांतों का है। उन्हें उम्मीद है कि हर सदस्य अपनी अंतरात्मा की आवाज़ सुनकर उन्हें वोट देगा और उनकी जीत ऐतिहासिक होगी।

अखिलेश यादव ने बताया ‘न्याय की लड़ाई’
इस मौके पर अखिलेश यादव ने बी. सुदर्शन रेड्डी का स्वागत करते हुए कहा कि जिस तरह की परिस्थितियों में यह चुनाव हो रहा है, उसमें एक न्यायमूर्ति से बेहतर विकल्प क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन इस लड़ाई को न्याय की लड़ाई के तौर पर लड़ रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान सपा नेता शिवपाल यादव और राजेंद्र चौधरी के साथ-साथ कांग्रेस के प्रमोद तिवारी, अजय राय और आराधना मिश्रा भी मौजूद थीं।
Also Read: 2027 चुनाव की तैयारी में जुटीं मायावती, क्या मिशन ‘9 अक्टूबर’ से वापस मिलेगी BSP की खोई ताकत?

