‘मैं आतंकवादी नहीं हूं’, शादी के बाद धमकियों से परेशान मोनालिसा-फरमान

Sandesh Wahak Digital Desk: महाकुंभ से चर्चा में आईं मोनालिसा इन दिनों गंभीर मानसिक दबाव से गुजर रही हैं। फरमान खान से शादी के बाद उन्हें और उनके पति को लगातार धमकियां मिल रही हैं।

कपल के रिश्ते को सोशल मीडिया और कुछ संगठनों द्वारा “लव जिहाद” का नाम दिया जा रहा है, जिससे उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है।

मोनालिसा और फरमान खान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी। फरमान ने भावुक होते हुए कहा,

“मैं कोई आतंकवादी नहीं हूं। मैं एक छोटा सा कलाकार हूं। सिर्फ इसलिए मुझे निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि मेरा जन्म मुस्लिम परिवार में हुआ और मेरा नाम फरमान है। क्या प्यार करना गुनाह है?”

फरमान ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और काम के मौके भी खत्म हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि अगर यही हाल रहा और उन्हें काम नहीं करने दिया गया, तो उनके सामने आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।

“हमारे पास पैसे नहीं हैं। अगर काम नहीं करेंगे तो जिएंगे कैसे?”—फरमान ने कहा। मोनालिसा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रो पड़ीं।

Monalisa-Farman

उन्होंने साफ कहा कि न तो कोई जबरन धर्म परिवर्तन हुआ है और न ही उन्होंने किसी तरह का “लव जिहाद” किया है। “हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। अलग-अलग धर्मों में शादी कोई नई बात नहीं है,” उन्होंने कहा।

कपल ने दावा किया कि उनकी शादी श्री नारायण गुरुजी के मंदिर में हुई, जहां किसी भी धर्म का व्यक्ति शादी कर सकता है। फरमान ने यह भी बताया कि मोनालिसा के परिवार का एक हिस्सा शादी में शामिल था और बाद में भी बातचीत होती रही है।

मोनालिसा ने यह आरोप भी लगाया कि निर्देशक सनोज मिश्रा ने उन्हें उनके काम की फीस नहीं दी और उल्टा पैसों को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि परिवार पर भी दबाव डालकर शिकायतें कराई जा रही हैं।

मोनालिसा ने केंद्र और राज्यों—दिल्ली, मध्य प्रदेश और केरल सरकार से सुरक्षा और मदद की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते सहायता नहीं मिली, तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है।

यह मामला अब सिर्फ एक निजी रिश्ते का नहीं, बल्कि सामाजिक नफरत, ऑनलाइन ट्रोलिंग और कलाकारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुका है।

Also Read: ‘Dhurandhar 2’ को लेकर बढ़ा विवाद, आलोचकों पर निर्देशक आदित्य धर का करारा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.