‘मैं राजनीति और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं’, रोहिणी आचार्य के पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को मिली बड़ी हार (सिर्फ 25 सीटों पर सिमट जाना) के बाद लालू प्रसाद यादव के परिवार में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। लालू यादव की छोटी बेटी और तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक चौंकाने वाला पोस्ट कर सियासी हलचल पैदा कर दी है।

रोहिणी आचार्य का विस्फोटक पोस्ट

रोहिणी आचार्य ने एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने सीधे तौर पर RJD के दो प्रमुख रणनीतिकारों पर गंभीर आरोप लगाए “मैं राजनीति छोड़ रही हूँ और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूँ। संजय यादव और रमीज ने मुझसे यही करने को कहा था और मैं सारा दोष अपने ऊपर ले रही हूँ।”

RJD लीडरशिप पर सवाल

रोहिणी आचार्य ने जिन दो व्यक्तियों पर आरोप लगाए हैं, उनमें से एक संजय यादव (RJD राज्यसभा सांसद) को तेजस्वी यादव का सबसे करीबी और RJD की रणनीति तथा चुनावी प्रबंधन का “मस्तिष्क” माना जाता है। रोहिणी के इन आरोपों ने सीधे-सीधे RJD की मौजूदा लीडरशिप और आंतरिक एकजुटता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पार्टी पर अब सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने का दबाव बढ़ गया है।

लालू परिवार में पहले भी फूट

लालू यादव के परिवार और पार्टी में टूट कोई नई बात नहीं है। इससे पहले लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव पहले ही पार्टी और परिवार से बाहर जा चुके हैं। उन्हें लालू यादव ने खुद बेदखल किया था, जिसके बाद उन्होंने चुनाव से ठीक पहले अपनी अलग पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाकर RJD के खिलाफ खुलकर चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें खुद भी हार का सामना करना पड़ा।

रोहिणी आचार्य के इस हालिया फैसले ने राजनीतिक गलियारों में इस बात को साफ कर दिया है कि RJD के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है, और इन अंदरूनी कमजोरियों ने पार्टी के चुनावी प्रदर्शन पर नकारात्मक असर डाला है।

Also Read: पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह बने स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के CEO, CM योगी के हैं भरोसेमंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.