‘ख्वाब पीएम का था, सीएम की कुर्सी भी गई’, चाचा नीतीश पर जमकर बरसीं रोहिणी आचार्य
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद राज्य की सियासत में ‘भूचाल’ आ गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मोर्चा खोल दिया है। रोहिणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक के बाद एक कई पोस्ट कर नीतीश कुमार पर तंज कसे और इसे “जैसी करनी वैसी भरनी” करार दिया।

‘गर्त में जाने के जिम्मेदार आप खुद’
रोहिणी आचार्य ने पिछले 24 घंटों में नीतीश कुमार के खिलाफ अपनी भड़ास निकालते हुए लिखा कि अपनों के साथ बार-बार बेवफाई करने वाले नीतीश जी अपनी आज की बदहाली के लिए खुद जिम्मेदार हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा ‘नीतीश कुमार जी का सपना तो पीएम (PM) की कुर्सी पर बैठने का था, लेकिन अब तो उनके पास सीएम (CM) की कुर्सी भी नहीं रही। आज आपके साथ जो हो रहा है, आप उसी के हकदार हैं।

बीजेपी के ‘ऑपरेशन लोटस’ पर उठाए सवाल
रोहिणी ने अपने पोस्ट में यह भी दावा किया कि नीतीश कुमार को किनारे लगाने के लिए ऑपरेशन लोटस’ की स्क्रिप्ट तो भाजपा ने लिखी, लेकिन इसे अंजाम नीतीश जी के ही कुछ बेहद करीबियों ने पहनाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उन्हें ऐसा करने पर मजबूर किया है और उनके करीबियों ने ही उन्हें गर्त में धकेलने में साथ दिया।
क्या है पूरा मामला?
बीती 5 मार्च को पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। इस कदम के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे और बिहार में एक नई सरकार का गठन होगा।
पक्ष-विपक्ष के अपने दावे
विपक्षी दलों का कहना है कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को ‘हाइजैक’ कर लिया है और उन्हें जबरदस्त राज्यसभा भेजा जा रहा है ताकि बिहार की सत्ता पर पूरी तरह कब्जा किया जा सके। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि नीतीश कुमार ने अपनी स्वेच्छा से राज्यसभा जाने का फैसला किया है। बिहार की सत्ता में आने वाले कुछ दिन काफी निर्णायक होने वाले हैं, क्योंकि सबकी नजर अब राजभवन की हलचल और नई सरकार के स्वरूप पर टिकी है।
Also Read: ‘अस्पतालों में डॉक्टरों के 8689 पद खाली, राम भरोसे स्वास्थ्य व्यवस्था’, ‘आप’ ने योगी सरकार को घेरा

