‘कोई बॉन्ड साइन नहीं किया, फिर सड़कों पर उतरेंगे’, दिल्ली पुलिस के दावे पर दिपके का ऐलान

CJP Protest Delhi: कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद फिर सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है, जिसमें प्रदर्शन नहीं करने की बात कही गई हो। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP अपना आंदोलन जारी रखने पर अड़ी है।

अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) और सौरव दास (Saurav Das) को रविवार, 11 अक्टूबर को दिल्ली कैंट स्थित कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किए जाने के बाद रिहा कर दिया गया। तीनों को शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट के उतरने के बाद विमान के अंदर ही हिरासत में लिया गया था। वे CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।

पुलिस ने बॉन्ड की शर्त पर रिहाई की बात कही

CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह (Ratna Singh) के मुताबिक, तीनों नेताओं को एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर रिहा किया गया। दिल्ली पुलिस ने भी X पर पोस्ट कर बताया कि तीनों को 10 अक्टूबर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत एहतियातन हिरासत में लिया गया था।

पुलिस के अनुसार, सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद उन्हें 11 अक्टूबर को दिल्ली कैंट स्थित SEM कोर्ट में पेश किया गया। अदालत से रिहाई के लिए 50 हजार रुपये का जमानती बॉन्ड भरा गया, जिसमें एक साल तक शांति और अच्छा व्यवहार बनाए रखने की शर्त थी। दिपके का कहना है कि उन्होंने प्रदर्शन नहीं करने से संबंधित कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है।

CJP का आंदोलन जारी रखने का ऐलान

CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है। संगठन के नेता अजिंक्य शिंदे ने भी आंदोलन नहीं रोकने का ऐलान किया था। 11 अक्टूबर को जंतर-मंतर कूच का आह्वान किया गया था। इससे पहले 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया था। अब दिपके के नए पोस्ट के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति पर नजर है।

Also Read: कॉकरोच जनता पार्टी ने चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.