आई लव योगी के जवाब में लखनऊ में लगे आई लव अखिलेश और आई लव PDA के होर्डिंग्स
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच अब होर्डिंग वॉर शुरू हो गया है। आई लव मोहम्मद विवाद के बाद आई लव योगी आदित्यनाथ के पोस्टर लगने के जवाब में अब समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आई लव अखिलेश यादव और आई लव PDA के होर्डिंग्स लगाकर माहौल गरमा दिया है।
दरअसल, यह पूरा विवाद पहले कानपुर से शुरू हुआ और फिर लखनऊ, बरेली होते हुए पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है। बरेली में शुक्रवार को इस विवाद को लेकर हिंसा भी भड़क गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की।
बरेली की घटना के बाद शनिवार को बीजेपी युवा मोर्चा के नेता अमित त्रिपाठी ने लखनऊ के चौराहों पर आई लव योगी आदित्यनाथ और आई लव बुलडोजर के पोस्टर लगाए थे, जो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हुए।

अब इसी के जवाब में समाजवादी पार्टी भी मैदान में कूद गई है। समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह यादव ने लखनऊ में आई लव अखिलेश यादव के होर्डिंग्स लगवा दिए हैं। सपा दफ्तर के बाहर लगे इस पोस्टर में अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर के साथ आई लव शिक्षा, आई लव विकास और आई लव रोज़गार की बात लिखी गई है, जो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
Also Read: Lakhimpur News: लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर वैन और रोडवेज बस की टक्कर, 5 की मौत, कई घायल

