लखनऊ में लगा ‘आई लव BSP’ पोस्टर, मायावती की महारैली से पहले कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर ‘पोस्टर पॉलिटिक्स’ तेज हो गई है। राजधानी लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की ओर से ‘आई लव BSP’ के पोस्टर लगाए गए हैं, जो अब सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। यह पोस्टर BSP नेता इमरान विन जफर की ओर से लगवाए गए हैं।
पिछले कुछ दिनों से यूपी में ‘आई लव’ पोस्टरों की राजनीतिक जंग छिड़ी हुई है। पहले ‘आई लव मोहम्मद’ के जवाब में ‘आई लव योगी’, ‘आई लव अखिलेश’ और ‘आई लव कॉन्स्टिट्यूशन’ जैसे पोस्टर सामने आए। अब BSP के ‘आई लव BSP’ पोस्टर ने इस जंग को नया मोड़ दे दिया है।
9 अक्टूबर को मायावती की महारैली
यह पोस्टर BSP सुप्रीमो मायावती की 9 अक्टूबर को लखनऊ में होने वाली महारैली से पहले लगाए गए हैं। यह रैली पार्टी संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर कांशीराम स्मारक पार्क में आयोजित होगी। मायावती खुद रैली को संबोधित करेंगी।
BSP ने इस रैली में 5 लाख कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। कई सालों बाद होने वाली यह बड़ी सार्वजनिक रैली 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले BSP के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।
मजबूत वापसी का संदेश
चार बार यूपी की मुख्यमंत्री रह चुकीं मायावती इन दिनों फिर से “एकला चलो” की नीति पर चलते हुए सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस रैली के जरिए BSP एक बार फिर राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत वापसी का संदेश देना चाहती है।
Also Read: बेबस पिता का दर्द: बेटे की लाश लेने के लिए 600 किलोमीटर पैदल-सफर जैसा संघर्ष

