‘आई लव मोहम्मद’ विवाद: बृजभूषण शरण सिंह का बयान, कहा- सद्भाव बिगाड़ने की मंशा बर्दाश्त नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk: गोंडा के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद और बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ के नारे को लेकर हुए विवाद के बीच एक बड़ा बयान दिया है। शनिवार को जिला मुख्यालय पर एक निजी प्रतिष्ठान के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इस पूरे विवाद पर अपनी राय रखी।

‘आई लव मोहम्मद’ पर आपत्ति नहीं, लेकिन मंशा पर सवाल

बृजभूषण शरण सिंह ने स्पष्ट किया कि ‘आई लव मोहम्मद’ जैसे नारों से सनातन को मानने वाले लोगों को कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा, “आई लव मोहम्मद से किसी को कोई दिक्कत नहीं है और न होनी चाहिए, क्योंकि हम जो सनातन को मानने वाले लोग हैं, वह कृष्ण को भी प्यार करते हैं, राधा को भी प्यार करते हैं। हम गुरु नानक साहब, गुरु ग्रंथ को प्यार करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि तकलीफ तब होती है, जब इस नारे के बहाने देश में सद्भाव बिगाड़ने का काम होता है या किसी दूसरे संप्रदाय को नीचा दिखाने की कोशिश की जाती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि शारदीय नवरात्रि के समय और किस परिप्रेक्ष्य में यह नारा दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मंशा सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की है, तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार में यह चलने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर सतर्क है और प्रदेश का माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

राहुल गांधी और पाकिस्तान पर निशाना

इसके साथ ही बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लाल किताब हाथ में लेकर दोबारा दिए गए ‘हाइड्रोजन बम फोड़ने’ वाले बयान पर उन्होंने निशाना साधा। बृजभूषण ने कहा कि “यह लोकतंत्र की भाषा नहीं है, बल्कि जेहादियों की भाषा है।”

यूएन सम्मेलन में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री द्वारा भारत के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन भारत अब मजबूत देश है, मजबूर नहीं। उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले फाइनल एशिया कप को लेकर भरोसा जताया कि भारतीय टीम ही जीतेगी।

Also Read: बहराइच में भेड़िए के हमले के पीड़ित परिवारों से मिले CM योगी, 5 लाख मुआवजे की घोषणा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.