आई लव मोहम्मद विवाद के बीच लखनऊ में लगे आई लव योगी आदित्यनाथ के पोस्टर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आई लव मोहम्मद विवाद लगातार गरमाता जा रहा है। शुक्रवार को बरेली में जुमे की नमाज़ के बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए थे, जिसके बाद भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी थी। अब यह मामला राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है, और इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ में एक अलग तरह के पोस्टर सामने आए हैं।
लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी तस्वीरों के साथ आई लव श्री योगी आदित्यनाथ जी और आई लव बुलडोजर लिखे पोस्टर लगाए गए हैं। ये होर्डिंग्स देखते ही देखते वायरल हो गए हैं।
यूपी में योगी के राज का कानून है
इन होर्डिंग्स को लखनऊ बीजेपी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता अमित त्रिपाठी ने समता मूलक चौराहा, वीआईपी चौराहा और जानकीपुरम जैसे स्थानों पर लगवाया है। भाजयुमो नेता अमित त्रिपाठी ने इस पहल का कारण बताते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बहुत प्यार करते हैं।
उन्होंने कहा, 2017 से 2025 तक जिस तरह से प्रदेश की कानून व्यवस्था को संभाला गया है, वो ऐतिहासिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यहाँ योगी के राज में कानून का राज स्थापित है।

अराजकता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बरेली में हुए बवाल पर अपनी बात रखते हुए अमित त्रिपाठी ने कहा कि अगर किसी को किसी से व्यक्तिगत प्यार है तो ठीक है, लेकिन अगर कोई इन पोस्टरों को लेकर अराजकता करेगा, सड़कों पर निकलकर तांडव करेगा, पुलिस पर गोलियाँ बरसाएगा या ईंट-पत्थर फेंकेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
त्रिपाठी ने कहा, उसे ये एहसास दिलाना भी ज़रूरी है कि आज यूपी में समाजवादी पार्टी की नहीं, बल्कि योगी आदित्यनाथ जी की सरकार है, जहाँ पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि चूँकि ‘आई’ इस वक्त ट्रेंड में है, इसलिए उन्होंने ‘आई लव योगी आदित्यनाथ’ और ‘आई लव बुलडोजर’ लिखवाया है।
Also Read: Varanasi News: प्रधान संघ संवाद में उठी समस्याएं, सीडीओ ने दिए तत्काल निस्तारण के निर्देश

