‘किडनी डोनेशन पर गंदी गालियां मिलीं, मायका छुड़वाया गया’, रोहिणी आचार्य का सनसनीखेज आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की बुरी हार के बाद लालू प्रसाद यादव के परिवार में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर अपने भाई तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद उन्होंने राजनीति से संन्यास लेने और परिवार से नाता तोड़ने का ऐलान किया है। इस पूरे मामले पर RJD की सहयोगी पार्टी VIP के प्रमुख मुकेश सहनी का बयान भी सामने आया है।
रोहिणी आचार्य के बेहद गंभीर आरोप
रोहिणी आचार्य ने एक लंबा पोस्ट कर परिवार के भीतर हुए अपमान को सार्वजनिक किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जलील किया गया, गंदी गालियां दी गईं और मारने के लिए चप्पल भी उठाया गया। रोहिणी ने आरोप लगाया कि उन्हें किडनी दान करने के लिए भी अपमानित किया गया। उन्हें कहा गया कि उन्होंने ‘गंदी किडनी’ लगवाई, जिसके लिए उन्होंने करोड़ों रुपये लिए और टिकट लिया था।
उन्होंने भावुक होकर लिखा कि आत्मसम्मान से समझौता न करने के कारण उन्हें यह बेइज्जती झेलनी पड़ी और मजबूरी में अपने रोते हुए माँ-बाप और बहनों को छोड़कर आना पड़ा, जिससे उन्हें अनाथ बना दिया गया। उन्होंने अन्य शादीशुदा बेटियों और बहनों को सलाह दी कि वे भूलकर भी अपने पिता को बचाने के लिए आगे न आएं, बल्कि घर के बेटे या भाई को आगे करें, और सिर्फ अपना ससुराल, बच्चे और काम देखें।
सहयोगी मुकेश सहनी की प्रतिक्रिया
लालू परिवार में इस खुले विवाद पर RJD की सहयोगी पार्टी VIP के प्रमुख मुकेश सहनी ने टिप्पणी की है। उन्होंने इसे पारिवारिक मामला बताया। सहनी ने कहा, “यह उनका पारिवारिक मामला है। अक्सर यह होता है कि अगर हार होती है तो किसी एक व्यक्ति पर ठीकरा फोड़ा जाता है। मुझे लगता है कि यह सही नहीं है।” उन्होंने सलाह दी कि परिवार और पार्टी को अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना चाहिए। इस मामले पर अभी तक तेजस्वी यादव की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

