सीएम रेखा गुप्ता का विरोधियों को जवाब, किसी भी आसुरी शक्ति से नहीं डरूंगी
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने विरोधियों को एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी ‘आसुरी शक्ति’ से डरने वाली नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने यह बात शनिवार को श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के 99वें वार्षिकोत्सव समारोह में कही।
अपने छात्र जीवन की एक घटना याद करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बताया, मुझे तूफानों से लड़ने की आदत है। जब मैं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष थी, तो एक बार विरोध प्रदर्शन के दौरान एक समझदार व्यक्ति ने पुतले में मिट्टी के तेल की जगह पेट्रोल डाल दिया था, जिससे मेरा चेहरा जल गया। मुझे डेढ़ महीने तक उस हालात से गुजरना पड़ा।
सीएम ने आगे कहा, कम उम्र में भी मेरा मानना था कि हमें आगे बढ़ते रहना चाहिए। आज दिल्ली की जनता के आशीर्वाद से मैं हर चुनौती का सामना साहस के साथ कर रही हूँ। उन्होंने खुद को शक्तियों का अंबार बताते हुए कहा कि वह किसी भी आसुरी शक्ति से नहीं डरेंगी।

दिल्ली को अधिकार मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा, जब तक दिल्ली को उसके अधिकार नहीं मिल जाते, मेरा संघर्ष जारी रहेगा। मैं न डरूंगी, न थकूंगी और न ही हार मानूंगी। उन्होंने कहा कि उन पर हुए हमले के बावजूद उनका हौसला और भी मजबूत हुआ है। एसआरसीसी के 99वें वार्षिकोत्सव में रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने कॉलेज का शताब्दी लोगो भी लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन पर जोर देते हुए छात्रों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
Also Read: Auraiya News: पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न, नई शिक्षण विधियों से होंगे बच्चे लाभान्वित

