‘मैं गीता भेजूंगा…’, केजरीवाल-सिसोदिया की हार पर खूब बरसे कुमार विश्वास

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व सहयोगी और मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जीत की बधाई दी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला।

कुमार विश्वास ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा, “मैं बीजेपी को इस जीत की बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे दिल्ली के मतदाताओं की आशा और अपेक्षा पर खरी उतरेंगे तथा उनकी आकांक्षाओं को पूरा करेंगे।”

मनीष सिसोदिया की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमार विश्वास ने कहा, “जब हमें मनीष सिसोदिया के जंगपुरा से हारने की खबर मिली तो मेरी अराजनीतिक पत्नी रो पड़ीं। क्योंकि मनीष ने कभी उनसे कहा था कि अभी तो ताकत है। तब मेरी पत्नी ने जवाब दिया था कि भईया ताकत हमेशा नहीं रहती। अब मैं उन्हें गीता भेजूंगा।”

केजरीवाल पर बड़ा हमला

अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कुमार विश्वास ने कहा, “मुझे उस व्यक्ति से कोई सहानुभूति नहीं है जिसने अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए अन्ना आंदोलन से निकले लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं के सपनों को कुचल दिया। दिल्ली अब उससे आज़ाद हो चुकी है। उसने AAP कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं के लिए किया। आज न्याय मिल गया है।”

AAP कार्यकर्ताओं को दी नसीहत

कुमार विश्वास ने AAP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “मैं आप सभी से कहना चाहूंगा कि आप जिस किसी भी लोभ-लालच में एक ऐसे व्यक्ति के समर्थन में खड़े थे, जिसने अपने मित्रों की पीठ में छुरा घोंपा, अपने गुरु को धोखा दिया और अपने साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली महिलाओं को भी नहीं बख्शा, अब उससे कोई उम्मीद न रखें। अपने-अपने जीवन को देखें और आगे बढ़ें।”

उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह व्यक्तिगत प्रसन्नता या दुख का विषय नहीं है। लेकिन इस बात की प्रसन्नता अवश्य है कि न्याय हुआ है। मैं आशा करता हूं कि आने वाले राजनेता और राजनीतिक दल इससे सीख लेंगे और सत्ता पाने के बाद अहंकारी नहीं होंगे। दिल्ली के नागरिकों को मैं अच्छे शासन के लिए बधाई देता हूं।”

Also Read: 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा की वापसी तय, AAP का टॉप ऑर्डर ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.