‘गोली मार दूंगा’ ओपी राजभर को मिली जान से मारने की धमकी, परिवार ने मांगी Z+ सुरक्षा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को सोशल मीडिया के ज़रिए जान से मारने की धमकी दी गई है। पोस्ट में सीधे-सीधे लिखा गया है ‘ओपी राजभर को गोली मार दूंगा’, जिससे हड़कंप मच गया है।
धमकी मिलने के बाद राजभर परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। मंत्री के बेटे अरुण राजभर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बलिया के रसड़ा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
गृह मंत्री को लिखा पत्र, सुरक्षा की मांग
अरुण राजभर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अपने पिता की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पत्र में ओम प्रकाश राजभर को Z+ श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने कहा जिस तरह से खुलेआम सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है, वह सिर्फ हमारे परिवार के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
इस पूरे मामले पर बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि तहरीर मिल चुकी है और पुलिस सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले शख्स की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद से जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को ट्रेस कर लिया जाएगा और उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: FIR के खिलाफ पार्षदों का प्रदर्शन, नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

