114 राफेल की चर्चा के बीच रूस ने दिया 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट SU-57 का ऑफर

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय वायुसेना (IAF) के आधुनिकीकरण को लेकर इन दिनों रक्षा गलियारों में जबरदस्त हलचल है। मोदी सरकार वायुसेना की घटती स्क्वाड्रन संख्या को पूरा करने के लिए 114 नए लड़ाकू विमानों (MRFA) की प्रक्रिया को तेज कर रही है। लेकिन इसी बीच रूस ने भारत के सामने एक ऐसा पैकेज डील पेश किया है, जिसने समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया है।

रूस ने भारत को अपने सबसे घातक और पांचवीं पीढ़ी (5th Generation) के लड़ाकू विमान सुखोई SU-57 का प्रस्ताव दिया है। इस ऑफर की सबसे बड़ी बात सिर्फ विमान नहीं, बल्कि इसके साथ मिलने वाली शर्तें हैं।

100% टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (ToT): रूस का दावा है कि वह पूरी तकनीक भारत को सौंप देगा।

‘मेड इन इंडिया’: भारत में ही मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के तहत इसके उत्पादन की संभावना।

विंगमैन स्टील्थ ड्रोन (S-70): सुखोई के साथ रूस ने अपना खतरनाक ‘S-70 ओखोटनिक’ ड्रोन भी ऑफर किया है।

क्या होता है विंगमैन ड्रोन

रूस के इस ऑफर की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) इसका विंगमैन ड्रोन है। इसे Sukhoi S-70 के नाम से जाना जाता है। यह एक ऐसा ड्रोन है जो फाइटर जेट के साथ साये की तरह उड़ता है। यह खतरनाक इलाकों में पहले घुसकर दुश्मन के रडार को जाम करता है, एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह करता है और जरूरत पड़ने पर मिसाइलें भी दागता है। यानी पायलट की जान को जोखिम में डाले बिना यह ड्रोन दुश्मन का सफाया कर देता है।

भारत पहले ही 36 राफेल विमानों को शामिल कर चुका है। राफेल अपने एडवांस रडार (AESA), स्पेक्ट्रा इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और ‘मेट्योर’ जैसी लंबी दूरी की मिसाइलों के कारण दुनिया का सबसे सक्षम 4.5 जनरेशन का विमान माना जाता है।
अगर भारत रूस के 140 SU-57 और फ्रांस के 114 अतिरिक्त राफेल, दोनों की ओर बढ़ता है, तो वायुसेना के बेड़े में 250 से ज्यादा नए जेट शामिल हो जाएंगे। यह संख्या चीन और पाकिस्तान जैसे पड़ोसियों के मुकाबले भारत को अजेय बना देगी।

HAL नासिक में तैयारी की सुगबुगाहट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूसी टीम ने महाराष्ट्र के नासिक स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की सुविधा का जायजा भी लिया है। यहाँ पहले से ही सुखोई-30 MKI का निर्माण होता रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भारत 120 से 140 विमानों का ऑर्डर देता है, तो भारत में ही इनका निर्माण आर्थिक रूप से काफी फायदेमंद साबित होगा।

Also Read: स्मृति मंधाना को मिला बड़ा सम्मान, बनीं 2025 की सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.