ICC और जियोस्टार का रिश्ता बरकरार, T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अटकलों पर लगा विराम

संयुक्त बयान में ICC-जियोस्टार ने दी सफाई, ब्रॉडकास्टिंग डील पूरी तरह प्रभावी

Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और भारत के प्रमुख ब्रॉडकास्टर जियोस्टार के बीच प्रसारण अधिकारों को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है।

दोनों संस्थाओं ने संयुक्त बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि मौजूदा प्रसारण समझौता पूरी तरह लागू है और जियोस्टार अपने कॉन्ट्रैक्ट की सभी शर्तों का पालन करेगा।

हाल ही में आई एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि जियोस्टार भारी-भरकम डील के कारण वित्तीय दबाव में है और 2027 तक चलने वाले ICC ब्रॉडकास्टिंग एग्रीमेंट से पीछे हटने पर विचार कर सकता है।

ICC T20 World Cup 2026

इस खबर के सामने आते ही क्रिकेट जगत और ब्रॉडकास्टिंग इंडस्ट्री में हलचल मच गई थी और भारत में ICC टूर्नामेंट्स के अगले ब्रॉडकास्टर को लेकर कयास लगाए जाने लगे थे।

27 हजार करोड़ की चार साल की डील

गौरतलब है कि जियोस्टार ने 2024 से 2027 के साइकल के लिए भारत में ICC इवेंट्स के मीडिया राइट्स करीब 27 हजार करोड़ रुपये में हासिल किए थे।

यह चार साल की डील ICC के सभी प्रमुख वैश्विक टूर्नामेंट्स को कवर करती है।

ICC-जियोस्टार ने खारिज की अटकलें

हालांकि, शुक्रवार 12 दिसंबर को ICC और जियोस्टार की ओर से जारी संयुक्त बयान में इन सभी रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया गया। बयान में कहा गया,
“जियोस्टार अपने कॉन्ट्रैक्ट की जिम्मेदारियों को पूरी तरह निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

दोनों संगठन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप समेत ICC के सभी प्रमुख टूर्नामेंट्स की निर्बाध और विश्वस्तरीय कवरेज सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।”

भारत में जियोस्टार रहेगा आधिकारिक ब्रॉडकास्टर

संयुक्त बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि जियोस्टार के समझौते से बाहर होने से जुड़ी खबरें तथ्यों से मेल नहीं खातीं।

दोनों संगठनों ने दोहराया कि ICC और जियोस्टार के बीच मौजूदा मीडिया राइट्स डील पूरी तरह प्रभावी है और जियोस्टार भारत में ICC का आधिकारिक मीडिया पार्टनर बना रहेगा।

इस ऐलान के साथ ही T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले प्रसारण को लेकर बनी अनिश्चितता खत्म हो गई है और भारतीय दर्शक ICC के सभी टूर्नामेंट्स का कवरेज पहले की तरह जियोस्टार के प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।

Also Read: Cricket Match Fixing: क्रिकेट पर फिर लगा ‘मैच फिक्सिंग’ का दाग, 4 भारतीय खिलाड़ी सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.