T20 वर्ल्ड कप 2026 पर ICC का सख्त स्टैंड, बांग्लादेश की मांग नामंजूर

Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच चल रहे विवाद पर अब आईसीसी का रुख लगभग स्पष्ट हो गया है।

ICC ने फिलहाल भारत में बांग्लादेशी टीम की सुरक्षा को लेकर किसी ठोस खतरे से इनकार किया है और इसी आधार पर बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराने की मांग को स्वीकार नहीं किया गया है।

ऑनलाइन बैठक में हुआ मंथन

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार (6 जनवरी) को आईसीसी और बीसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच एक ऑनलाइन बैठक हुई।

Bangladesh Cricket Board

बैठक में आईसीसी ने कहा कि उसके पास ऐसा कोई सुरक्षा आकलन नहीं है, जिससे यह साबित हो कि भारत में खेलने के दौरान बांग्लादेशी खिलाड़ियों या टीम अधिकारियों को किसी तरह का विशेष खतरा है। इसी वजह से टूर्नामेंट के तय शेड्यूल या वेन्यू में बदलाव की जरूरत नहीं समझी गई।

औपचारिक फैसले का इंतजार

दरअसल, 4 जनवरी को बीसीबी की आपात बैठक के बाद आईसीसी को एक औपचारिक पत्र भेजा गया था, जिसमें खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षा का हवाला देते हुए बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराने की मांग की गई थी।

हालांकि, मंगलवार की बैठक के बाद कोई लिखित फैसला जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी अपने मौजूदा रुख पर कायम है और इस मामले में औपचारिक बयान 10 जनवरी तक आने की संभावना है।

तय शेड्यूल के अनुसार होंगे मैच

आईसीसी के जारी शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश को ग्रुप सी में अपने सभी मैच कोलकाता में खेलने हैं—

  • 7 फरवरी: बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज

  • 9 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इटली

  • 14 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड

  • 17 फरवरी: बांग्लादेश बनाम नेपाल

अलग-अलग रिपोर्ट्स में अलग दावे

एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईसीसी ने बीसीबी से कहा है कि अगर बांग्लादेश टीम भारत नहीं आती है तो उसे मैच गंवाने या अंक कटने का सामना करना पड़ सकता है।

हालांकि, बीसीबी ने किसी भी तरह के अल्टीमेटम से इनकार किया है। फिलहाल इस मुद्दे पर आईसीसी या बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया। मुस्ताफिजुर को आईपीएल नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।

इसके विरोध में बीसीबी ने बांग्लादेश में आईपीएल मैचों के लाइव प्रसारण पर भी रोक लगा दी थी।

इस बीच, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की है कि मुस्ताफिजुर रहमान अब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलते नजर आएंगे।

इन तमाम घटनाक्रमों के बावजूद आईसीसी का फिलहाल साफ रुख है कि सुरक्षा के आधार पर बांग्लादेश के मैचों के वेन्यू में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

Also Read: IPL से बाहर होने के बाद PSL पहुंचे मुस्तफिजुर रहमान, सैलरी में आई भारी गिरावट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.