ICMR-AIIMS की रिपोर्ट: कोविड वैक्सीन से अचानक मौत का सीधा संबंध नहीं

Sandesh Wahak Digital Desk: कोविड-19 महामारी के बाद से देश में अचानक हो रही मौतों, खासकर युवाओं में दिल के दौरे को लेकर कई तरह की अफवाहें और आशंकाएं फैल रही थीं। सोशल मीडिया पर यह बात तेजी से चल रही थी कि कोविड वैक्सीन लेने के बाद लोगों को हार्ट अटैक आ रहे हैं या उनकी अचानक मौत हो रही है। लेकिन, अब ICMR (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) और AIIMS (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) की एक संयुक्त रिपोर्ट ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। इस रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा गया है कि कोविड वैक्सीन का अचानक हो रही मौतों से कोई सीधा संबंध नहीं है।

क्यों फैल रही थीं ये आशंकाएं

हाल के दिनों में कई ऐसी घटनाएं सामने आईं जहां लोग चलते-फिरते, बैठे-बैठे या नाचते हुए अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। इन घटनाओं ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया था। खासकर कर्नाटक के हासन जिले से 40 दिनों के भीतर 22 मौतों की खबर ने इस चिंता को और बढ़ा दिया था। लोगों को लग रहा था कि शायद इसका संबंध कोविड वैक्सीन से है।

कैसे तैयार हुई ये रिपोर्ट

ICMR-AIIMS ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी के साथ मिलकर इस महत्वपूर्ण रिपोर्ट को तैयार किया है। इसके लिए 18 से 45 साल के उन लोगों के सैंपल लिए गए जिनकी मौत 1 अक्टूबर, 2021 से 31 मार्च, 2023 के बीच अचानक हुई थी।

रिपोर्ट के मुख्य निष्कर्ष

कोविड टीकाकरण और अचानक मौतों के बीच कोई सीधा कारणात्मक संबंध नहीं मिला है। अचानक हुई मौतों के पीछे अन्य स्वास्थ्य कारक, जीवनशैली या पहले से मौजूद अनजानी बीमारियां अधिक जिम्मेदार हो सकती हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी दिया स्पष्टीकरण

इस रिपोर्ट के आधार पर, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी आधिकारिक बयान जारी किया है। मंत्रालय ने कहा है कि देश में कई जांच एजेंसियों ने अलग-अलग मामलों की गहराई से समीक्षा की है, और किसी भी स्तर पर कोविड-19 वैक्सीन और अचानक मौतों के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं मिला है। यह रिपोर्ट उन सभी लोगों के लिए एक बड़ी राहत है जो कोविड वैक्सीन को लेकर किसी भी तरह की शंका में थे।

Also Read: लखनऊ: नशे में धुत युवकों की स्कॉर्पियो संकल्प वाटिका के पास घर में घुसी, दो घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.