‘100 रुपये से काम चले तो…’, ओपी राजभर के जन्मदिन को लेकर अखिलेश ने कसा ये तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर तंज कसा है। जब उनसे राजभर के जन्मदिन को लेकर सवाल पूछा गया, तो अखिलेश ने कहा उनका जन्मदिन है तो हम क्या करें? अगर ₹100 से काम चले तो भेज दें, हम तो उनको ₹100 ही दे सकते हैं।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक ‘गिरोह’ की तरह काम कर रही है। उन्होंने कानपुर के वकील अखिलेश दुबे के मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसमें आईपीएस अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले की सही से जांच हो तो पूरी सरकार बेनकाब हो जाएगी।
उन्होंने गाजीपुर और कौशांबी में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ बीजेपी मंत्रियों और विधायकों के विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता अवैध गतिविधियों को संरक्षण दे रहे हैं।
‘2027 में बनेगी सपा सरकार’
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि सपा सरकार नौकरी की आउटसोर्सिंग का विरोध करेगी और आरक्षण के साथ स्थायी नौकरियां सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए विवादों को हवा दे रही है। अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने इस बार बीजेपी को राज्य से बाहर करने का मन बना लिया है।

