बरेली हिंसा पर सीएम योगी का कड़ा रुख, बोले- बुरी आदतें नहीं जातीं तो डेंटिंग पेंटिंग करवानी पड़ती है

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरेली में हुए बवाल पर अपनी सरकार की सख़्ती का बचाव करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। शनिवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने उपद्रवियों को सचेत करते हुए कहा कि जब लोगों की बुरी आदतें नहीं जाती हैं, तो उन्हें सुधारने के लिए उनकी डेंटिंग पेंटिंग करवानी पड़ती है, और यही डेंटिंग पेंटिंग कल बरेली में दिखाई दी।

सीएम योगी ने 2017 से पहले यूपी में त्योहारों के दौरान होने वाले उपद्रवों को याद किया और कहा कि अब ऐसे तत्वों पर नकेल कसी गई है। उन्होंने कहा, पर्व और त्योहारों के दौरान आपने देखा होगा कि जब भी पर्व आते थे तब उत्पात शुरू हो जाता था। अब उपद्रवियों को पता लगेगा और उन्हें उनकी सात पीढ़ियां याद आएंगी क्योंकि कभी-कभी लोगों की बुरी आदतें नहीं जाती हैं तो उसके लिए उनकी डेंटिंग पेंटिंग करवानी पड़ती है, जिससे उनकी बुरी आदतें ठीक की जा सकें और यही डेंटिंग पेंटिंग कल आपने बरेली के अंदर देखा होगा।

सबक ऐसा सिखाया कि दंगा करना भूल जाएंगे

सीएम योगी ने कहा कि एक मौलाना (जिसका ज़िक्र उन्होंने सीधे नहीं किया) यह भूल गया कि अब शासन किसका है। उसे लगता था कि धमकी देंगे और ज़बरदस्ती जाम कर देंगे। लेकिन हमने कहा कि न जाम होगा और न ही कर्फ्यू लगेगा, लेकिन कर्फ्यू का सबक तुम्हें ऐसा सिखा देंगे कि तुम्हारी आने वाली पीढ़ी दंगा करना भूल जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद हमने प्रदेश में कर्फ्यू नहीं लगने दिया। उन्होंने कहा, ऐसे लोगों को उन्हीं की भाषा में समझाकर उन्हें सजा दिलाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश के ग्रोथ स्टोरी यहीं से शुरू होती है। सीएम योगी ने जाति के नाम पर भड़काने और परिवार के नाम पर भावनाओं का दोहन करने वाले लोगों को परजीवी बताते हुए कहा कि बुलडोजर ऐसे ही तत्वों के लिए बनाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्ट लोग सत्ता का दोहन करते हैं, जिससे प्रदेश की पहचान पर संकट आता है।

Also Read: PM Modi ने लॉन्च किया BSNL की 4G सर्विस, आत्मनिर्भर भारत की 98 हजार साइट्स लाइव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.