‘बसपा सरकार बनी तो यूपी में बुलडोजर कार्रवाई पूरी तरह खत्म होगी’, मायावती का बड़ा ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के बुलडोजर एक्शन पर तीखा हमला किया है। बुधवार को बसपा ने मुस्लिम समाज भाईचारा संगठन की बैठक में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार बनी, तो बुलडोजर कार्रवाई की अन्यायपूर्ण प्रथा को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा।

मुस्लिम हित में तीन बड़े वादे

बसपा सुप्रीमो ने मुस्लिम समुदाय को साधने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए तीन प्रमुख घोषणाएं कीं।

बुलडोजर पर रोक: योगी सरकार द्वारा की जा रही ‘बुलडोजर कार्रवाई’ को अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे बसपा सरकार बनने पर पूरी तरह खत्म करने का वादा।

मुकदमे वापसी: मुसलमानों पर दर्ज किए गए ‘झूठे मुकदमे’ वापस लिए जाएंगे।

पूर्ण प्रतिनिधित्व: सरकार में मुस्लिम समाज को पूरा प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

मुस्लिम समाज भाईचारा संगठन की बैठक

मायावती ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में मुस्लिम समाज भाईचारा संगठन की बैठक की। इस बैठक में उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए निर्देश जारी किए। हर मंडल में दो-दो सदस्यों की मुस्लिम भाईचारा कमेटी बनाई गई है। ये सदस्य अपने-अपने मंडल के विधानसभा क्षेत्रों में छोटी-छोटी बैठकें कर मुस्लिम समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे और बसपा के लिए माहौल तैयार करेंगे।

SIR और सपा पर निशाना

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में बूथ लेवल पर जाकर लोगों का नाम जुड़वाने में मदद करने का निर्देश भी दिया।  उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) को भी घेरा, यह कहते हुए कि सपा ने मुसलमानों के वोट लिए, लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने बसपा सरकार में कभी कोई दंगा न होने का दावा भी किया। मायावती की यह घोषणा समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की काट के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह रणनीति सपा के मुस्लिम वोट बैंक के लिए चुनावी मैदान में बड़ी चुनौती खड़ी कर सकती है।

Also Read: भदोही: गैंगस्टर एक्ट में कुर्क थार गाड़ी नहीं सौंपी, अब पूर्व विधायक विजय मिश्र की बहू पर FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.