मोतिहारी रैली में दहाड़े सीएम योगी, बोले- अपराधी जीतेगा तो निवेश भागेगा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार ने पहले चरण के मतदान में ही साफ कर दिया है कि अब लालटेन की धुंधली रोशनी नहीं, बल्कि एनडीए की एलईडी लाइट में जगमगाता बिहार चाहिए।
बिहार की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा, यह वह पावन धरती है जिसने मां जानकी को शरण दी, जिसने महात्मा गांधी को जन्म दिया और जिसने देश को आजादी की राह दिखाई। लेकिन कांग्रेस और आरजेडी की सरकारों ने इसके विकास को रोक दिया।
उन्होंने एनडीए सरकार के विकास के कामों को गिनाते हुए कहा, पिछले 20 सालों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को सड़कें, रेल, एयरपोर्ट और मेट्रो जैसी सुविधाएं मिली हैं। अब यहां आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे संस्थान खुल रहे हैं।
सुरक्षा और निवेश पर जोर देते हुए योगी ने चेतावनी दी, अगर अपराधी जीतेगा तो निवेश भाग जाएगा। बिहार में अपराधियों की नहीं, विकास की सरकार चाहिए। उन्होंने यूपी में बुलडोजर की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, हमने माफियाओं की हड्डी-पसली एक कर दी। अब यूपी में अपराधी पस्त है और नौजवान मस्त है।
कोई पेशेवर खानदानी माफिया और अपराधी जीत जाएगा तो अपने परिवार के बारे में सोचेगा,
लेकिन NDA का प्रत्याशी जीतता है तो वह बिहार के बारे में सोचेगा… pic.twitter.com/edlsXVx73n
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 8, 2025
धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा, जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया था, आज उनके नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। अब सीतामढ़ी में मां जानकी का मंदिर भी बन रहा है। सीएम योगी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, मोदी सरकार ने गरीबों को सम्मान दिया है, 80 करोड़ को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा और 4 करोड़ को घर मिले हैं।
अपने तीखे अंदाज में योगी ने विपक्षी प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा, उन पर हत्या, लूट, डकैती समेत 28 मुकदमे दर्ज हैं। अगर ये उत्तर प्रदेश में होते तो जेल से बाहर नहीं निकल पाते। अपराधियों की कोई जाति-धर्म नहीं होती, अपराध ही उनका धर्म होता है।
Also Read: बरेली एनकाउंटर: पुलिस मुठभेड़ में 2 शातिर चोर घायल, अवैध हथियार और चोरी का सामान बरामद

