‘किसानों की जमीन जबरन अधिग्रहित हुई तो…’ सपा छात्र सभा महासचिव मनोज पासवान ने दी चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय महासचिव मनोज पासवान ने आवास विकास परिषद द्वारा तहसील मोहनलालगंज के कई गांवों में जमीन के जबरन अधिग्रहण के प्रयास पर सख्त विरोध जताया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आवास विकास परिषद ने अपनी जबरन अधिग्रहण की नीति नहीं छोड़ी, तो समाजवादी पार्टी किसानों के समर्थन में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
जबरन अधिग्रहण पर किसानों से मुलाकात
रविवार को मनोज पासवान ने प्रभावित गांवों जैसे कबीरपुर, बंटवारा, बेली, सिद्धपुरा, मंगहुवा और शिवलर के किसानों से मुलाकात की और अधिग्रहण संबंधी समस्याओं पर चर्चा की। पासवान ने आरोप लगाया कि आवास विकास परिषद बाजारू मूल्य से काफी कम दर पर इन जमीनों का अधिग्रहण करने की कोशिश कर रहा है, जिससे किसान असहमत हैं।

प्रमुख मांगें और आरोप
मनोज पासवान ने आवास विकास परिषद से अपनी अधिग्रहण योजनाओं को तत्काल रद्द करने की मांग की है।
भूमि क्रय-विक्रय पर लगी रोक हटाना: परिषद द्वारा इन क्षेत्रों में भूमि की खरीद-बिक्री पर लगाई गई रोक को तुरंत हटाया जाए।
योजनाएं रद्द करें: गैर-जरूरी योजनाओं, जिनके माध्यम से किसानों की जमीन हथियाने की कोशिश की जा रही है, जैसे वेलनेस सिटी, आईटी सिटी, गृहस्थ योजना प्रथम और द्वितीय, को तुरंत रद्द किया जाए।
मनोज पासवान ने स्पष्ट कहा कि किसानों की सहमति के बिना किसी भी तरह के अधिग्रहण का विरोध किया जाएगा और समाजवादी पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से खड़ी रहेगी।
Also Read: बलरामपुर: सागौन की अवैध कटान का खुलासा, SSB और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

