‘उनका बस चले तो …’, फाइनल से पहले बोले सूर्यकुमार यादव, गौतम गंभीर की कोचिंग पर दिया बड़ा बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कप्तान Suryakumar Yadav ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के माहौल और मुख्य कोच Gautam Gambhir की सोच को लेकर खुलकर बात की।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर गंभीर का बस चले तो वह खुद पैड पहनकर मैदान में उतर जाएं। सूर्या का यह बयान टीम में कोच के जुनून और जीत के प्रति उनके नजरिए को दिखाता है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल से पहले मीडिया से बातचीत में सूर्यकुमार यादव हमेशा की तरह हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए।
उन्होंने बताया कि गौतम गंभीर के आने के बाद टीम की सोच में बड़ा बदलाव आया है और अब खिलाड़ियों का फोकस व्यक्तिगत उपलब्धियों के बजाय टीम की जीत पर ज्यादा है।
सूर्यकुमार ने कहा, “अगर उनका बस चले तो वह खुद पैड पहनकर मैदान में उतर जाएं। उनका मंत्र हमेशा से यही रहा है कि क्रिकेट टीम गेम है और टूर्नामेंट एक या दो खिलाड़ियों के दम पर नहीं जीते जाते।”

उन्होंने आगे बताया कि टूर्नामेंट के दौरान हर खिलाड़ी ने अपने स्तर पर योगदान दिया है और यही टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है।
चाहे सुपर-8 के मुकाबले हों या सेमीफाइनल, हर मैच में किसी न किसी खिलाड़ी ने अहम भूमिका निभाई।
भारतीय कप्तान के मुताबिक, गौतम गंभीर ने टीम के अंदर व्यक्तिगत माइलस्टोन की सोच को काफी हद तक खत्म कर दिया है।
अब खिलाड़ियों का ध्यान सिर्फ इस बात पर रहता है कि टीम को जीत दिलाने में उनका योगदान क्या है।
सूर्यकुमार ने उदाहरण देते हुए बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में Tilak Varma की छोटी लेकिन तेज पारी भी उतनी ही अहम थी जितनी किसी बड़े स्कोर की पारी होती है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी 5–7 गेंदों में बनाए गए 8–10 रन भी मैच का रुख बदल सकते हैं।
कप्तान के मुताबिक यही सोच अब पूरी टीम में नजर आ रही है, जहां हर खिलाड़ी समझता है कि छोटी से छोटी पारी भी टीम की जीत में बड़ा फर्क डाल सकती है।
Also Read: ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में लक्ष्य सेन, 25 साल बाद इतिहास रचने का मौका

