अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से हटता है तो ICC किसे देगी मौका? जानिए पूरा अपडेट
Sandesh Wahak Digital Desk: 2026 टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने के फैसले के बाद अब पाकिस्तान के खेलने को लेकर भी संशय बना हुआ है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चीफ मोहसिन नकवी ने संकेत दिए हैं कि अगर सरकार अनुमति नहीं देती है, तो पाकिस्तान भी इस वैश्विक टूर्नामेंट का बहिष्कार कर सकता है।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में PCB चीफ मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार करेगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के देश लौटने के बाद उनसे सलाह ली जाएगी।
नकवी ने साफ कहा कि अगर सरकार ‘ना’ कहती है, तो पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगा और ICC किसी अन्य टीम को मौका दे सकती है।

पाकिस्तान की जगह किसे मिलेगा मौका?
सूत्रों के अनुसार, अगर पाकिस्तान 2026 टी20 वर्ल्ड कप से हटता है, तो ICC उसकी जगह युगांडा को टूर्नामेंट में शामिल कर सकती है।
पाकिस्तान के बाहर होने की स्थिति में युगांडा को ग्रुप-ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ रखा जाएगा।
युगांडा इससे पहले 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी खेल चुका है, हालांकि वह ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाया था।
गौरतलब है कि बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटने के बाद ICC पहले ही स्कॉटलैंड को 2026 टी20 वर्ल्ड कप में शामिल कर चुका है।
पाकिस्तान के मैच श्रीलंका में प्रस्तावित
यदि पाकिस्तान टूर्नामेंट में हिस्सा लेता है, तो उसकी टीम भारत नहीं आएगी। पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में आयोजित किए जाएंगे। सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचने की स्थिति में भी उसके मैच श्रीलंका में ही कराए जाने की योजना है।
अब सभी की नजरें पाकिस्तान सरकार के फैसले पर टिकी हैं, जो 2026 टी20 वर्ल्ड कप की तस्वीर बदल सकता है।

