2027 में सरकार बनी तो महिलाओं की भर्ती प्रक्रिया में लाएंगे बदलाव: अखिलेश यादव
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है, तो पुलिस विभाग में महिलाओं की भर्ती प्रक्रिया में ढांचागत बदलाव किए जाएंगे। इस मौके पर सपा सांसद डिंपल यादव समेत पार्टी की कई महिला नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका सिर्फ सजावटी नहीं हो सकती। उन्हें मजबूत करने के लिए सरकारी तंत्र में बराबर की हिस्सेदारी देना जरूरी है।
अंतरराष्ट्रीय मसलों पर भी रखी अपनी राय
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय मसलों पर भी अपनी बात रखी। ईरान-इज़राइल युद्ध पर उन्होंने कहा कि भारत सरकार को विदेश में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को इस युद्ध में अपनी भूमिका और रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर हम मुश्किल समय में अपने मित्र देशों के साथ खड़े नहीं होते, तो यह हमारी विदेश नीति के साथ अन्याय होगा।
लखनऊ की स्थानीय राजनीति पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सरकार जेपीएनआईसी (जेपी नगर इंटरनेशनल सेंटर) को बेचना चाहती है, तो हम उसे खरीदने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष को पार्टी की ओर से पत्र भी भेजा गया है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा अब मंदिरों के चंदे पर भी नजर गड़ाए हुए है। उन्होंने कहा, “इतने मंदिर धरती पर कभी नहीं तोड़े गए, जितने भाजपा के शासन में तोड़े जा रहे हैं। खासकर बनारस में ऐतिहासिक मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि दुनियाभर में जैसे वेनिस में पुरानी गलियों और धरोहरों को संभालकर रखा गया है, वैसे ही भारत में भी विरासतों को बचाने की जरूरत है।
अखिलेश यादव के इन बयानों से साफ है कि सपा 2027 की रणनीति में सामाजिक सरोकार, महिलाओं की भागीदारी और सांस्कृतिक विरासत के मुद्दों को प्राथमिकता देने जा रही है।
Also Read: सिद्धार्थनगर: जमीन विवाद में दबंगों ने परिवार पर किया हमला, न्याय के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता

