‘भारत में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा’, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने गृह जनपद प्रयागराज पहुँचे, जहाँ उन्होंने मीडिया से बातचीत में कई ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा और जो भारत में रहेगा, उसे ‘वंदे मातरम’ कहना ही होगा।

वंदे मातरम पर कोई संदेह नहीं

राष्ट्रवाद के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “जो भारत में रहेगा, उसे वंदे मातरम कहना होगा। इसमें किसी को कोई संदेह या दो राय नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने इसे देश के प्रति सम्मान और नागरिक का कर्तव्य बताया।

बजट से जगी उम्मीदें, अखिलेश पर तंज

प्रदेश के हालिया बजट की तारीफ करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि यह बजट रोजगार और विकास की नई इबारत लिखेगा। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा “इस बजट के बाद अखिलेश यादव की सत्ता में वापसी की उम्मीदें 2035 तक के लिए खत्म हो गई हैं।” मौर्य ने कहा कि विकास की रफ्तार देखकर सपा नेता अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और इसीलिए अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

यूपी बना उद्योगों की पहली पसंद

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब रेल, सड़क और हवाई यातायात इतना सुगम हो गया है कि दुनिया भर के उद्योगपति यहाँ निवेश के लिए कतार में हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को नौकरी देने वाला बनेगा।

सपा के ‘माफिया राज’ की याद दिलाई

अखिलेश यादव पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने पुरानी सरकार के कार्यकाल की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि सपा के समय अपराधी थाने चलाते थे और गुंडे पिछड़ों की जमीनों पर कब्जा करते थे। जनता ने इसी ‘माफिया राज’ से तंग आकर सपा को बाहर किया है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि 2027 में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।

Also Read: यूपी की सियासत में बड़ा उलटफेर, अखिलेश की ‘साइकिल’ पर सवार होंगे नसीमुद्दीन सिद्दीकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.