आईजी साहब! दुष्कर्म के आरोपी गैंगस्टर को नहीं गिरफ्तार कर रही नगर पुलिस

बलात्कार मामले में गोंडा एसपी विनीत जायसवाल के आदेश पर चार साल बाद दर्ज हुआ है मुकदमा

Sandesh Wahak Digital Desk:  बच्चों को स्कूल भेजने के बाद घर में अकेली रहने वाली एक महिला ने एक व्यक्ति पर धमकाकर जबरन घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी लेकिन आरोपी के रसूख के चलते मुकदमा नहीं दर्ज किया गया। चार साल बाद फिर मामला गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के सामने पहुंचा। घटना को गंभीरता से लेते हुए गोंडा पुलिस अधीक्षक ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गोंडा पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर लिया, लेकिन एक माह दस दिन बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। अब पीड़िता ने आईजी से गुहार लगाई है।

आरोपी के रसूख के चलते गिरफ्तार करने से बच रही है पुलिस

बताते चलें कि मार्च महीने में एक महिला एसपी विनीत जायसवाल के समक्ष पेश हुई और उसने प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें कहा कि उसका पति करीब तीन साल से सऊदी अरब में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है और वह नगर कोतवाली क्षेत्र में घर पर रहकर बच्चों का पालन-पोषण करती है। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मुन्नन खां चौराहा निवासी फैजान पुत्र लतीफुर्रहमान के आरा मशीन पर वह लकड़ी लेने गयी थी, जहां फैजान से मुलाकात हुई और उसने हरसंभव मदद व रोजगार दिलाने की बात कहकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

महिला ने कहा कि बच्चों को स्कूल भेजने के बाद वह घर में अकेली ही रहती है। इसलिए फैजान की बातों में आ गई और फरवरी 2021 से उसके अकेलेपन का फायदा उठाकर वह उसके घर आने-जाने लगा। महिला का आरोप है कि इसी बीच घर में अकेली पाकर फैजान ने उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार किया। उसने जब विरोध किया और पुलिस में शिकायत की बात कही तो पूरे परिवार को खत्म कर देने और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी।

पीड़िता ने आईजी से लगाई गुहार

आरोप लगाया है कि महिला बच्चों और पति के मोह में मजबूर हो गयी, जिसका फायदा उठाकर फैजान बराबर धमकी देते हुए जबरदस्ती उसके घर में घुसकर बलात्कार करता रहा। परेशान होकर उसने अपने पति को सऊदी से बुलाया। जब उसका पति शिकायत करने फैजान के पास आरा मशीन पर गया तो गालियां देते हुए जान से मारने व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस पर 25.08.2022 को वह खुद अपने पति के साथ फैजान के पास गयी और इज्जत का हवाला देकर समझाने की कोशिश की, लेकिन फैजान ने असलहा निकाल लिया और मारने के लिए दौड़ाया। चूंकि आरोपी फैजान गैंगस्टर भी है। इसलिए डरकर वहां से अपने पति के साथ घर चली आई।

एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

आरोप है कि फैजान ने पीड़ित महिला के भाई के मोबाइल व इंस्टाग्राम पर जो अश्लील वीडियो था, उसे वायरल कर दिया और ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि 18.03.2025 को दोपहर में अपने बच्चों को स्कूल से लेकर वापस लौट रही थी, तभी अलहुदा स्कूल के पास फैजान मिला और गालियां देते हुए कहा कि मुझसे नहीं मिलोगी तो पुनः वीडियो वायरल कर देंगे। मार्च महीने में मामला गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के समक्ष पहुंचा, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नगर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया।

गोंडा नगर कोतवाली पुलिस ने 04.04.2025 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कोतवाली नगर के मुन्नन खां चौराहा निवासी फैजान पुत्र लतीफुर्रहमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज तो कर लिया, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के 1 माह 10 दिन बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। पीड़िता अब दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाल से गुहार लगा रही है लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। थक-हारकर उसने देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक का दरवाजा खटखटाया है और दुष्कर्म के आरोपी गैंगस्टर की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।

Also Read: बरेली में चोरी की वारदातों का खुलासा, गहनों के साथ दबोचे गए दो नाबालिग चोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.