IGNOU में नौकरी का मौका, 26 अक्टूबर को वाराणसी में लगेगा प्लेसमेंट कैंप, फ्रेशर्स भी कर सकेंगे आवेदन
IGNOU Placement Drive 2026: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) के छात्रों और पूर्व छात्रों के लिए नौकरी पाने का अवसर है। इग्नू का वाराणसी क्षेत्रीय केंद्र 26 अक्टूबर 2026 को कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करेगा। इसके जरिए अन्नपूर्णा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड में फील्ड क्रेडिट ऑफिसर (FCO) के पद पर भर्ती की जाएगी।
इस प्लेसमेंट में फ्रेशर्स के साथ पहले से काम का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी हिस्सा ले सकते हैं। पद के लिए ग्रॉस सैलरी 16,000 रुपये या उससे अधिक बताई गई है। यह अभियान इग्नू के कैंपस प्लेसमेंट सेल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
कब और कहां पहुंचे उम्मीदवार?
प्लेसमेंट ड्राइव 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवारों को तय समय पर जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा।
प्लेसमेंट ड्राइव की जानकारी
- तारीख: 26 अक्टूबर 2026
- समय: दोपहर 12:30 बजे से
- स्थान: स्वामी विवेकानंद सेमिनार हॉल
- कॉलेज: माइक्रोटेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी
- पता: चौथी मंजिल, विनायक प्लाजा, मालदहिया, वाराणसी, उत्तर प्रदेश
- पिन कोड: 221002
कौन कर सकता है आवेदन, कितनी होगी सैलरी?
फील्ड क्रेडिट ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना जरूरी है। प्लेसमेंट नोटिस में बीए (BA), बीबीए (BBA) और एमबीए (MBA) की डिग्री वाले उम्मीदवारों का उल्लेख किया गया है। ग्रामीण विकास (Rural Development), मार्केटिंग और फाइनेंस जैसे विषयों में विशेषज्ञता रखने वाले उम्मीदवार भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
इस भर्ती में महिला और पुरुष, दोनों उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। फ्रेशर्स और अनुभवी उम्मीदवारों को मौका दिया जाएगा। उम्मीदवार की अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए।
चयनित उम्मीदवारों को 16,000 रुपये या उससे अधिक ग्रॉस सैलरी मिलेगी। भर्ती विज्ञापन में वेतन के अलावा कई सुविधाओं का भी जिक्र है। इनमें ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, ग्रेच्युटी, प्रोविडेंट फंड (PF), कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के तहत सुविधाएं और आवास शामिल हैं। इन सुविधाओं के लिए लागू शर्तों की जानकारी उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया के दौरान कंपनी से ले सकते हैं।
प्लेसमेंट के लिए कौन-से दस्तावेज जरूरी?
प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने वाले उम्मीदवार अपने साथ ये दस्तावेज जरूर रखें:
- अपडेट किया हुआ रिज्यूमे
- आधार कार्ड या अन्य सरकारी पहचान पत्र
- IGNOU का पहचान पत्र
- ग्रेजुएशन की डिग्री और मार्कशीट
- कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्र व मार्कशीट
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे प्लेसमेंट में जाने से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखें और इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों की जांच कर लें। फाइनेंस क्षेत्र में करियर शुरू करने या अपने अनुभव को आगे बढ़ाने के इच्छुक योग्य उम्मीदवारों के लिए यह एक अवसर है।

