IHPL 2025 घोटाला: रातोंरात फरार हुए आयोजक, होटल में फंसे विदेशी खिलाड़ी, कश्मीर T20 लीग पर संकट
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन हेवन प्रीमियर लीग (IHPL) 2025, जिसे जम्मू-कश्मीर में क्रिकेट के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा था, अब विवादों में घिर गई है।
श्रीनगर में 25 अक्टूबर से शुरू हुई इस टी20 लीग के आयोजक रविवार रात अचानक लापता हो गए, जिससे कई विदेशी खिलाड़ी होटल में फंस गए हैं।
यह लीग 8 नवंबर तक चलनी थी, लेकिन अब श्रीनगर का ऐतिहासिक बख्शी स्टेडियम वीरान पड़ा है।

आयोजक रातोंरात गायब
सूत्रों के मुताबिक, आयोजक 2 नवंबर की रात सबकुछ छोड़कर भाग गए। बताया जा रहा है कि करीब 70 से अधिक खिलाड़ी और अंपायर होटल में फंसे हुए हैं, क्योंकि आयोजकों ने होटल और खिलाड़ियों का भुगतान नहीं किया।
इस टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल, न्यूजीलैंड के जेसी राइडर, और श्रीलंका के तिसारा परेरा जैसे पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
इस आयोजन की जिम्मेदारी युवा सोसाइटी की थी, जिसे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन का सहयोग प्राप्त था। लीग के संरक्षक पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरिंदर खन्ना हैं।
विदेशी खिलाड़ी होटल में फंसे
विदेशी अंपायर मेलिसा जुनिपर ने बताया कि आयोजक “होटल छोड़कर भाग गए और किसी का भुगतान नहीं किया।” उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को घर भेजने के लिए होटल प्रशासन से समझौता किया गया है।
होटल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “आयोजकों ने करीब 150 कमरे बुक किए थे और क्रिस गेल जैसे सितारों के साथ कश्मीर टूरिज्म प्रमोशन का वादा किया था। लेकिन रविवार सुबह हमें पता चला कि वे बिना भुगतान किए गायब हो गए हैं।”
हालांकि, क्रिस गेल और कुछ खिलाड़ी 1 नवंबर को ही होटल से चेकआउट कर चुके थे।
खिलाड़ियों और अधिकारियों के आरोप
स्थानीय खिलाड़ी परवेज रसूल ने बताया कि कुछ विदेशी खिलाड़ियों को होटल से बाहर निकलने से रोका गया था, जब तक कि मामला उनके दूतावासों तक नहीं पहुंच गया।
एक स्थानीय खिलाड़ी ने बताया कि “आयोजकों ने लीग के पैमाने और खर्च का गलत अनुमान लगाया। पहले दिन तक खिलाड़ियों की ड्रेस भी नहीं आई थी और स्थानीय बाजार से खरीदनी पड़ी। किसी कॉन्ट्रैक्ट पर साइन नहीं हुआ था।”
सरकार ने पल्ला झाड़ा
जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के एक अधिकारी ने बताया कि लीग के अध्यक्ष आशु दानी ने पुलिस मंजूरी और अन्य सुविधाओं की मांग की थी, जिसे पूरा भी किया गया था।
अधिकारी ने कहा, “सरकार की इस लीग में कोई भूमिका नहीं थी, न ही कोई आर्थिक सहायता दी गई थी। हमें नहीं पता कि आयोजक भागे क्यों।”
खेल मंत्री की सख्त प्रतिक्रिया
राज्य के खेल मंत्री जे.के. सतीश शर्मा ने कहा,
“अगर लीग के आयोजकों ने किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता की है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो मैं स्वयं स्टेडियम का दौरा करूंगा।”
विदेशी सितारों से सजी थी लीग
आईएचपीएल में 32 पूर्व विदेशी खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था। क्रिस गेल के मैच में भारी भीड़ उमड़ी थी, जबकि श्रीलंका के तिसारा परेरा, साउथ अफ्रीका के रिचर्ड लेवी, और ओमान के अयान खान ने भी हिस्सा लिया था।
अब यह टूर्नामेंट कश्मीर में स्पोर्ट्स प्रमोशन की बजाय “स्पोर्ट्स फ्रॉड” के रूप में चर्चा का विषय बन गया है।
Also Read: Women’s World Cup 2025 Final: खिताबी जीत में इन 3 भारतीय खिलाड़ियों ने निभाई अहम भूमिका

