अब बिना सुई चुभोए ऐसे चेक करें डायबिटीज, IIT मद्रास ने बनाई डिवाइस
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत में डायबिटीज (Diabetes) अब आम बीमारी बन चुकी है। करोड़ों लोग रोज़ अपने ब्लड शुगर लेवल की जांच करते हैं ताकि अपनी सेहत को संतुलित रख सकें। लेकिन अब तक जो तरीका अपनाया जाता था, वह दर्दनाक और झंझट भरा था। उंगली में सुई चुभाकर खून निकालना। कई बार दिन में 3 से 4 बार टेस्ट करना पड़ता था, जिससे न सिर्फ दर्द होता था बल्कि खर्च भी बढ़ता जाता था। इन्हीं परेशानियों से राहत देने के लिए IIT मद्रास के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी नई तकनीक विकसित की है जो डायबिटीज मरीजों की जिंदगी बदल देगी। अब बिना सुई लगाए, कम खर्च में और बिना दर्द के ब्लड शुगर टेस्ट करना संभव हो गया है।
सस्ता और आसान तरीका
IIT मद्रास के इलेक्ट्रॉनिक मटीरियल्स एंड थिन फिल्म्स लैब के शोधकर्ताओं ने प्रोफेसर परसुरामन स्वामीनाथन की अगुवाई में एक विशेष ग्लूकोज मॉनिटरिंग डिवाइस तैयार की है। इसे खास तौर पर डायबिटीज के मरीजों के लिए डिजाइन किया गया है ताकि वे बिना सुई के अपना ब्लड शुगर लेवल जांच सकें।
कैसे काम करती है यह नई डिवाइस?
दरअसल अब तक दो प्रमुख तरीके इस्तेमाल होते थे, पहला SMBG (Self-Monitoring of Blood Glucose), जिसमें सुई से उंगली चुभाकर खून का सैंपल लिया जाता है और दूसरा CGM (Continuous Glucose Monitoring) जो बिना बार-बार सुई लगाए रियल-टाइम रीडिंग देता है, लेकिन यह तरीका काफी महंगा होता है। वहीं IIT मद्रास की नई डिवाइस इन दोनों की कमियों को दूर करती है। इसमें दो हिस्से होते हैं, एक रीयूजेबल इलेक्ट्रॉनिक यूनिट, जिसमें लो-पावर डिस्प्ले लगा है और एक डिस्पोजेबल माइक्रोनीडल सेंसर पैच, जिसे त्वचा पर चिपकाया जाता है। यह माइक्रोनीडल पैच बेहद छोटा होता है और त्वचा की ऊपरी परत से ही शुगर लेवल माप लेता है। इसमें दर्द नहीं होता और खून निकालने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
क्या है इस शोध का उद्देश्य?
इस तकनीक का उद्देश्य डायबिटीज मरीजों को दर्द और झंझट से मुक्त करना है। इस प्रोजेक्ट से जुड़े एमएस (एंटरप्रेन्योरशिप) स्कॉलर एल. बालमुरुगन ने बताया कि यह डिवाइस गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
यह ग्लूकोज मॉनिटरिंग को आसान, किफायती और गोपनीय बनाती है। लोग घर बैठे अपने शुगर लेवल पर नजर रख पाएंगे, जिससे समय पर इलाज और बेहतर नियंत्रण संभव होगा। लंबे समय में यह डिवाइस अस्पताल जाने की जरूरत को कम करेगी और परिवार पर आर्थिक बोझ घटाएगी।
Also Read: आगरा में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन, ‘जूते मांगने’ वाले 2 सिपाही सस्पेंड; 9 के खिलाफ जांच के आदेश

