सोनभद्र और गाजियाबाद में पकड़ी गई 5 करोड़ की अवैध कफ सीरप, आठ गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनभद्र पुलिस और गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में चार ट्रक अवैध कफ सीरप ज़ब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 से 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक वर्मा ने बताया कि संयुक्त टीम ने गाजियाबाद के मेरठ रोड के पास घूकना में एक गोदाम में छापा मारा। कुल 1150 पेटी अवैध कफ सीरप (लगभग चार ट्रक माल) और ₹20 लाख नकद बरामद किए गए हैं। मौके से आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही चार वाहन भी ज़ब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह अवैध कफ सीरप पड़ोसी देश बांग्लादेश में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाला था।

विशेष टीम का गठन

एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई की जड़ें सोनभद्र में हुई पिछली धरपकड़ से जुड़ी हैं। 18 अक्टूबर को सोनभद्र पुलिस द्वारा दो ट्रक कफ सीरप पकड़े जाने के बाद, एसपी ने सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की थी। यह टीम तभी से गाजियाबाद में सक्रिय थी।

गाजियाबाद क्राइम ब्रांच और औषधि विभाग ने सोनभद्र पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर यह बड़ी सफलता हासिल की। गाजियाबाद के एडीसीपी पीयूष कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि यह माल दूसरे राज्यों में भी सप्लाई किया जाता था।

ज्ञात हो कि शनिवार रात को भी सोनभद्र पुलिस की टीम ने झारखंड के रांची में एक ट्रक कफ सीरप पकड़ी थी, जिसकी कीमत लगभग सवा करोड़ रुपये थी।

Also Read: यूपी में तब्लीगी जमात से जुड़ी हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.