अवैध नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं! योगी सरकार ANTF को करेगी मजबूत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने के लिए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अवैध नशे के सौदागरों और ड्रग माफियाओं के खिलाफ बड़ा एक्शन लेने का फैसला किया है। इसके लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

ANTF को मिलेगी रेग्युलर फोर्स

वर्तमान में ANTF में पुलिसकर्मियों को प्रतिनियुक्ति पर तैनात किया गया है और नियतन (मानक) के अनुसार बल की कमी है। इस कमी को दूर करने के लिए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ANTF में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को रेग्युलर (नियमित) तैनाती दी जाए। नियतन के अनुसार जल्द से जल्द अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाए। इस कदम से ANTF को न केवल मजबूती मिलेगी, बल्कि अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई में भी तेजी आएगी।

150 से अधिक ‘जांबाज’ होंगे शामिल

ANTF आईजी अब्दुल हमीद ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में ANTF की समीक्षा बैठक की थी। ANTF का गठन वर्ष 2022 में ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए किया गया था, जिसमें 6 थाने और 8 यूनिट का गठन किया गया। विभाग में राजपत्रित अधिकारियों सहित कुल 386 पदों का नियतन है (मुख्यालय पर 59, 6 थानों पर 168, 8 यूनिट पर 144)।

वर्तमान में विभाग में 236 पदों पर अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं, जबकि 150 से अधिक पद खाली हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद, जल्द ही सभी खाली पदों पर तैनाती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विभाग को ड्रग माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई के लिए बल के साथ-साथ आधुनिक उपकरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

नियतन संरचना (उदाहरण)

प्रत्येक ANTF थाने पर 28 पुलिसकर्मियों की तैनाती का नियतन है, जिसमें निरीक्षक, उपनिरीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर, मुख्य आरक्षी, आरक्षी और आरक्षी चालक शामिल हैं। इसी तरह, प्रत्येक यूनिट में 18 अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती का नियतन है।

Also Read: जेल में बेचैन पूर्व IG अमिताभ ठाकुर, सिर दर्द और आंखों में सूजन, डॉक्टर ने बताई ये वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.