लखनऊ में अवैध शराब का खुलासा, IIM रोड से महंगे ब्रांड की 365 बोतलें जब्त, एक गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) पर शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद, राजधानी लखनऊ में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से जारी था। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने देर रात IIM रोड स्थित एक घर पर छापा मारकर विदेशी और महंगे ब्रांड की 365 शराब की बोतलें और कैन जब्त की हैं।

IIM रोड के पास छापेमारी, लाखों की शराब बरामद

आबकारी आयुक्त और जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देश पर देर रात यह बड़ी छापेमारी की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर आबकारी टीम ने सैरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर चौराहे पर दबिश दी। मौके से आरोपी नवनीत उर्फ गोपाल गुप्ता (32) को गिरफ्तार किया गया, जो घर में अवैध रूप से शराब का स्टॉक कर ऊँचे दामों पर बेचने की तैयारी कर रहा था।

जब्त की गई शराब में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के महंगे ब्रांड शामिल हैं, जैसे बॉम्बे सैफायर, जैक डैनियल्स, जैगरमिस्टर, रेड लेबल, ब्लैक डॉग, टीचर्स, बडवाइजर और ब्रीजर। टीम ने कुल 365 बोतलें और कैन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक शिखर मल्ल और अभिषेक सिंह ने स्टाफ संग मिलकर यह कार्रवाई की।

आरोपी पर कड़ी धाराओं में केस दर्ज

आरोपी नवनीत उर्फ गोपाल गुप्ता को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं (61(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2), 350) के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध शराब की सप्लाई और बिक्री रोकने के लिए ऐसी कार्रवाईयाँ लगातार जारी रहेंगी।

Also Read: Bihar Election: CM नीतीश ने 2500 करोड़ की सौगात देकर साधा ‘साइलेंट’ वोटर, कहा- चुनाव में ध्यान दीजिएगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.