श्रीदेवी की चेन्नई वाली प्रॉपर्टी पर अवैध कब्जा, मद्रास हाई कोर्ट पहुंचे बोनी कपूर
Sandesh Wahak Digital Desk: दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की चेन्नई स्थित एक प्रॉपर्टी पर तीन लोग अवैध रूप से अपना अधिकार जता रहे हैं, जिसके बाद प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है। बोनी कपूर ने एक याचिका दायर कर इन तीनों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
बोनी कपूर ने अदालत को बताया कि श्रीदेवी ने यह प्रॉपर्टी 19 अप्रैल, 1988 को एमसी संबंदा मुदलियार नाम के एक व्यक्ति से खरीदी थी। मुदलियार के पाँच बच्चे थे, जिन्होंने 1960 में एक आपसी समझौते के तहत संपत्ति का बंटवारा किया था। इसी समझौते के आधार पर श्रीदेवी ने यह ज़मीन खरीदी थी।
लेकिन, हाल ही में तीन लोग इस संपत्ति पर अपना दावा करने लगे। इनमें से एक महिला है, जो मुदलियार के एक बेटे की दूसरी पत्नी होने का दावा करती है। अन्य दो उसके बेटे हैं। बोनी कपूर ने अपनी याचिका में कहा है कि महिला की शादी 1975 में हुई थी, जबकि उसके पति की पहली पत्नी की मृत्यु 1999 में हुई। इस आधार पर बोनी कपूर ने दावा किया कि यह शादी कानूनी रूप से मान्य नहीं है।
कोर्ट ने दिया तहसीलदार को निर्देश
बोनी कपूर ने इन तीनों व्यक्तियों को मिले कानूनी उत्तराधिकार प्रमाण पत्र पर भी सवाल उठाया है और अदालत से इसे रद्द करने की अपील की है। बोनी कपूर की याचिका पर सुनवाई करते हुए, न्यायमूर्ति एन. आनंद वेंकटेश ने ताम्बरम तालुक तहसीलदार को इस मामले पर चार सप्ताह के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है।
Also Read: Lucknow News: फर्जी मार्कशीट से पाई नौकरी, महिला टीचर के खिलाफ दर्ज हुई FIR

