Balrampur News: सरकारी ठप्पे का दुरुपयोग, उत्तर प्रदेश सरकार लिखे ट्रैक्टर से धड़ल्ले से हो रहा अवैध बालू खनन
Balrampur News: बलरामपुर ज़िले में अवैध बालू खनन का काला खेल बेरोकटोक जारी है। लेकिन इस बार जो खुलासा हुआ है, वह पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यहां सरकारी संपत्ति की रक्षा की जिम्मेदारी जिन पर है, वही लोग खुलेआम उत्तर प्रदेश सरकार के नाम का इस्तेमाल करते हुए अवैध खनन करवाते नज़र आ रहे हैं।
यह सनसनीखेज मामला थाना कोतवाली जरवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेवलगढ़ के धोबहा नाले से जुड़ा है। यह नाला वन विभाग के संरक्षण क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां से बड़े पैमाने पर सफेद बालू निकाली जा रही है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि खनन में सीधे तौर पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा ट्रैक्टर-ट्रॉली इस्तेमाल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब कोई आम आदमी बालू निकालता है तो प्रशासन तुरंत मुकदमा दर्ज करता है, लेकिन सरकारी ठप्पे का दुरुपयोग कर जब ट्रॉली भर-भरकर बालू बाहर भेजी जाती है, तो सबकी आँखें बंद हो जाती हैं।

विभागीय संरक्षण में मोटी कमाई का जरिया
सूत्रों के मुताबिक, यह खनन किसी भी वैध अनुमति के तहत नहीं हो रहा है और यह विभागीय संरक्षण में मोटी कमाई का जरिया बन चुका है। अवैध कटान के कारण नाले का अस्तित्व खतरे में है और ज़मीन के भू-जल प्रणाली पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट मनोज कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और जांच का दावा किया है, लेकिन ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि यह जांच सिर्फ कागजी खानापूर्ति है और ज़मीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि सरकारी वाहन के नाम पर चल रहे इस अवैध कारोबार की उच्चस्तरीय जांच की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Varanasi News: मतदाता अधिकार सम्मेलन के लिए बुकिंग कैंसिल, कांग्रेस और पुलिस में झड़प

